फर्नीचर गोदाम में लगी आग,4 लोगों ने कूदकर बचाई जान:सीतापुर में फाइबर की कुर्सियां, मेज, अलमारी और गद्दे समेत 15 लाख का सामान जला
सीतापुर में शुक्रवार दोपहर फाइबर और लोहे के फर्नीचर के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते गोदाम में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और धुएं के कारण मकान की दूसरी मंजिल पर रह रहे चार लोग अंदर फंस गए। नीचे जाने का रास्ता आग की चपेट में होने पर चारों पड़ोसी की छत पर कूद गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नागरिकों की मदद से सभी को सुरक्षित नीचे उतारा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार दक्षिणी मोहल्ले का है। नई बाजार दक्षिणी में लालता प्रसाद उर्फ ललतू गुप्ता के मकान की पहली मंजिल पर श्याम किशोर गुप्ता का फर्नीचर गोदाम है। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक गोदाम से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की तेज लपटें उठने लगीं। गोदाम में रखी फाइबर की कुर्सियां, मेज, अलमारी, गद्दे समेत अन्य सामान जलने लगा। गोदाम मालिक के मुताबिक, वहां करीब 15 लाख रुपये का सामान रखा था। नीचे जाने का रास्ता आग की चपेट में आया आग लगने के समय मकान की दूसरी मंजिल पर स्वर्गीय लालता प्रसाद की पत्नी सुनीता गुप्ता, बेटियां कोमल और खुशी गुप्ता तथा बेटा श्रेयांश मौजूद थे। आग और धुआं देखकर चारों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन नीचे जाने का रास्ता आग की चपेट में आ चुका था। इसके बाद चारों ने पड़ोसी के मकान से लगी छत पर छलांग लगा दी। सुनीता की बड़ी बेटी दीपांशी उस समय एक निजी स्कूल में पढ़ाने गई थी, इसलिए वह घर पर नहीं थी। पुलिस ने दीवार के सहारे पहुंचकर चारों को बचाया मकान में चार लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र बिक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बगल के मकान की दीवार के सहारे छत पर पहुंचकर चारों लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद नागरिकों की मदद से समरसेबल चलाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग लगने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र बिक्रम सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। गोदाम में हुए नुकसान का भी आकलन कराया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)