फर्रुखाबाद में पिकअप-डंपर की टक्कर में मां-बेटी की मौत:लहसुन व्यापारी पिकअप में फंसा, ग्राइंडर से काटी खिड़की; पांच घायल

Oct 10, 2026 - 21:29
0
फर्रुखाबाद में पिकअप-डंपर की टक्कर में मां-बेटी की मौत:लहसुन व्यापारी पिकअप में फंसा, ग्राइंडर से काटी खिड़की; पांच घायल
फर्रुखाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर राजेपुर थाना क्षेत्र के जैनापुर के पास शनिवार शाम करीब 5:30 बजे लहसुन से भरी पिकअप और डंपर की टक्कर हो गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि लहसुन व्यापारी समेत पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। व्यापारी गाड़ी में फंस गया, जिसे पुलिस ने खिड़की काटकर बाहर निकाला। घायलों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से व्यापारी के परिजन उसे निजी नर्सिंग होम ले गए। ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा शनिवार शाम लहसुन से भरी पिकअप लखीमपुर खीरी से मैनपुरी की तरफ जा रही थी। उसमें मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र निवासी लहसुन व्यापारी राजीव, पिकअप चालक और फर्रुखाबाद के अमेठी कोहना निवासी विमलेश, उसकी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी सवार थे। बताया गया कि जैनापुर के पास दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान पिकअप की सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर से पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार राजीव, विमलेश, पूजा, उसकी बेटी और चालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले गई। वहां डॉक्टरों ने पूजा और उसकी चार वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीछे हटी पिकअप, बाइक भी चपेट में आई हादसे के दौरान टक्कर के बाद पिकअप पीछे हटी तो एक बाइक भी उसकी चपेट में आ गई। बाइक पर राजेपुर थाना क्षेत्र के कमालुद्दीनपुर निवासी वेद प्रकाश और उनकी पत्नी किरन सवार थे। दोनों घायल हो गए। उन्हें भी लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहीं, पिकअप चालक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। उसकी हालत गंभीर बताई गई। खिड़की काटकर निकाला गया व्यापारी टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा पीछे की ओर धंस गया था। इससे लहसुन व्यापारी राजीव गाड़ी में फंस गया। पुलिस ने ग्राइंडर की मदद से पिकअप की खिड़की काटी, जिसके बाद उसे बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। परिजन बाद में उसे निजी नर्सिंग होम ले गए। मायके से लौटते समय हुआ हादसा विमलेश ने बताया कि शनिवार को पितृ अमावस्या पर उसकी पत्नी पूजा अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र स्थित मायके गई थी। शाम को लौटते समय वे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही पिकअप को विमलेश ने हाथ देकर रोका और पत्नी-बेटी के साथ उसमें सवार हो गया। हादसे में पत्नी और बेटी की मौत से विमलेश बदहवास है। वह बार-बार पत्नी और बेटी का चेहरा दिखाने की बात कह रहा था। परिवार के लोग उसे संभालते रहे। बताया गया कि विमलेश फल की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। इमरजेंसी में एक साथ पहुंचे घायल हादसे के बाद कई घायलों के एक साथ लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल घायलों का उपचार शुरू किया। किसी को स्ट्रेचर तो किसी को बेड पर उपचार दिया गया। दावत से लौट रहे दंपती भी घायल वेद प्रकाश ने बताया कि वह अमावस्या पर अपनी पत्नी किरन के साथ बाइक से हरदोई स्थित ससुराल दावत खाने गए थे। शाम को लौटते समय पिकअप और डंपर की टक्कर हुई। इसी दौरान पीछे हटी पिकअप उनकी बाइक से टकरा गई, जिससे दोनों घायल हो गए। उपचार के बाद दोनों अस्पताल से चले गए। राजेपुर थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि हादसे में मां-बेटी की मौत हुई है। घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User