फर्रुखाबाद में तेज बारिश से कच्चा मकान गिरा, मौत:एक घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों-पुलिस ने निकाला, परिजनों में शोक का माहौल
फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनासी गांव में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे लगातार हो रही तेज बारिश के बीच कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय मकान से सामान निकाल रहे दिनेश कुमार और उनकी मदद कर रहे चचेरे भाई संदीप गंगवार (55) मलबे में दब गए। मकान गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मकान गिरने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर दिनेश कुमार को बाहर निकाल लिया। इसके बाद संदीप की तलाश शुरू की गई। करीब एक घंटे बाद होश में आए दिनेश ने संदीप के मलबे में दबे होने की जगह बताई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार और हल्का प्रभारी राम सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर संदीप को बाहर निकाला। पुलिस वाहन से उन्हें सीएचसी नवाबगंज ले जाया गया, जबकि दिनेश को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। सीएचसी में प्राथमिक जांच के बाद संदीप की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान संदीप गंगवार की मौत हो गई। वहीं दिनेश कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया और हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी नवाबगंज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। संदीप की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी ममता और 10 वर्षीय बेटे आकाश का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में करीब 30 घंटे से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)