फतेहपुर में डंपर चालक की हाईटेंशन लाइन से मौत:मिट्टी के ढेर पर चढ़कर फोन पर बात करते समय लगा करंट, अस्पताल में मृत घोषित

Oct 04, 2026 - 17:29
0
फतेहपुर में डंपर चालक की हाईटेंशन लाइन से मौत:मिट्टी के ढेर पर चढ़कर फोन पर बात करते समय लगा करंट, अस्पताल में मृत घोषित
फतेहपुर के असोथर के थाना क्षेत्र में सरकंडी चौकी से आगे जद्दू बगहा के पास रविवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से डंपर चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे कर्मचारियों ने गंभीर रूप से झुलसे चालक को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सराय खालिस पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जालौन जिले के कदौरा थाना क्षेत्र के रैला अलीपुर गांव निवासी सिप्पू यादव (25) पुत्र प्रेम नारायण डंपर चालक था। वह कबरई से गिट्टी लादकर मनॉवा-सरकंडी चौकी संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य के लिए गिट्टी लेकर आया था। बताया गया कि सरकंडी चौकी के आगे जद्दू बगहा के पास हाईटेंशन लाइन काफी नीचे थी। डंपर से उतरने के बाद सिप्पू सड़क किनारे मिट्टी के ढेर पर चढ़कर किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे की जानकारी मिलते ही निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे मुंशी राहुल मिश्रा ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से सिप्पू को सीएचसी सराय खालिस ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे मौके के लिए रवाना हो गए। सिप्पू पिछले चार-पांच वर्षों से डंपर चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसके पिता खेती-किसानी करते हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई अवध नरेश 13 वर्ष का है। तीन बहनों में राखी (18) की शादी हो चुकी है, जबकि आकांक्षा (12) और छुन्ना देवी (8) अभी अविवाहित हैं। परिजनों के मुताबिक, सिप्पू की शादी भी हाल में तय हुई थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सिप्पू हमीरपुर जिले के भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुरवा निवासी डंपर मालिक सोनू सिंह की एमबीआरएल कंपनी के डंपर पर चालक था। तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई कार्यवाहक थाना प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेंद्र माथुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User