फतेहपुर में जलभराव से 300 बीघा धान की फसल डूबी:ग्रामीणों ने नाला सफाई के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा

Oct 01, 2026 - 13:31
0
फतेहपुर में जलभराव से 300 बीघा धान की फसल डूबी:ग्रामीणों ने नाला सफाई के लिए डीएम को ज्ञापन सौंपा
फतेहपुर जिले के विकास खंड भिटौरा और थाना हुसैनगंज (विधानसभा हुसैनगंज) क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ऊँचाबेरा,खालीबेरा और बेरागढ़ीवा के ग्रामीण गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं।खेतों में पानी भर जाने के कारण किसानों की सैकड़ों बीघा फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुँच गई हैं।इस समस्या से आक्रोशित और चिंतित ग्रामीणों ने गुरुवार के दिन 12 बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुचकर डीएम के नाम एक प्रार्थना पत्र देकर अविलंब नाले की सफाई कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम ऊँचाबेरा, खालीबेरा और बेरागढ़ीवा के खेतों में भारी जलभराव हो गया है।इसके कारण लगभग 200 से 300 बीघा धान की फसल पूरी तरह से जलमग्न हो चुकी है। किसानों का कहना है कि धान की फसल तो नष्ट हो ही रही है,साथ ही यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं की गई,तो आने वाली गेहूं की फसल की बुवाई भी बुरी तरह प्रभावित होगी। ग्रामीणों का कहना है कि लखनऊ रोड पर पूर्व में जल निकासी के लिए एक नाला बना हुआ था,जो वर्तमान में अतिक्रमण की वजह से पूरी तरह से बंद हो चुका है। नाला बंद होने के कारण खेतों में जमा पानी की निकासी रुक गई है और पूरे इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। पानी के भराव और फसलों के नुकसान के कारण लगभग तीन गाँवों के लोगों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।ग्रामीणों ने पत्र में दर्द बयां करते हुए लिखा कि भुखमरी की नौबत आने से बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की दवा-इलाज का खर्च उठाना भी मुश्किल हो जाएगा। समस्त ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि लखनऊ रोड स्थित बंद पड़े नाले को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराकर उसकी सफाई कराई जाए,ताकि खेतों से पानी निकल सके और किसानों को और अधिक नुकसान होने से बचाया जा सके।ज्ञापन सौंपने वालों में देशराज मौर्य,श्रीराम,सर्वेश कुमार,नरिन्द्र,अभिषेक,मनोज कुमार सिंह,सुरेश कुमार,भानु प्रकाश,दिनेश,रामगुलाम,जगदीश, अजय कुमार,सन्तु लाल,चंद्रदेव,धनंजय सिंह मौर्य सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User