फतेहपुर में नवरात्र लिखे बैग में चिकन डिलीवरी पर हंगामा:हिंदू संगठनों में आक्रोश, मौके पर पहुंची पुलिस ने शांत कराया मामला
फतेहपुर जिले में शारदीय नवरात्र के दौरान रविवार शाम करीब चार बजे ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे कैरी बैग में चिकन का पैकेट डिलीवर किए जाने पर विवाद हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। करीब ढाई घंटे बाद भी हिंदू संगठन के नेता और समर्थक दुकान के बाहर डटे रहे। घटना के बाद त्योहार के दौरान धार्मिक आस्था और भावनाओं के सम्मान को लेकर सवाल उठने लगे। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नवरात्र के पावन पर्व पर ‘हैप्पी नवरात्रि’ लिखे बैग में चिकन की डिलीवरी से सनातन धर्म को मानने वालों की भावनाएं आहत हुई हैं। मामले पर हिंदू नेता धर्मेंद्र सिंह जनसेवक ने आपत्ति जताते हुए कहा कि नवरात्र के दौरान जिला प्रशासन ने खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगा रखी है। ऐसे में ब्लिंकिट स्टोर से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नॉनवेज की बिक्री कैसे की जा रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ‘हैप्पी नवरात्रि’ संदेश छपे बैग में मांस रखकर डिलीवरी क्यों की गई। धर्मेंद्र सिंह ने इसे धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बताते हुए संबंधित ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। हिंदू संगठनों ने कहा कि त्योहार के दौरान धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और प्रशासन को मामले में कार्रवाई करनी चाहिए। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)