फतेहपुर में विधायक ने हाथ से उखाड़ी सड़क, VIDEO:4.86 करोड़ की सड़क का घटिया निर्माण, समय बीतने के बाद भी काम अधूरा

Oct 06, 2026 - 10:01
0
फतेहपुर में विधायक ने हाथ से उखाड़ी सड़क, VIDEO:4.86 करोड़ की सड़क का घटिया निर्माण, समय बीतने के बाद भी काम अधूरा
​फतेहपुर जिले के तेलियानी ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग से अल्लीपुर होते हुए हसनापुर सानी संपर्क मार्ग के निर्माण में बड़े पैमाने पर धांधली का मामला सामने आया है। 5.9 किलोमीटर लंबे इस सड़क निर्माण के लिए ₹4.86 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया था। तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों की शिकायत पर जब क्षेत्रीय विधायक जयकुमार जैकी मौके पर जांच करने पहुंचे,तो वहां सड़क निर्माण की पोल पूरी तरह से खुल गई। ​स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के डामरीकरण में तय मानकों की पूरी तरह से अनदेखी की गई है।अधूरा और घटिया निर्माण लोगों के आवागमन में राहत देने के बजाय मुसीबत का सबब बन गया है।बिंदकी विधानसभा से विधायक जयकुमार जैकी ने ग्रामीणों के साथ बिना किसी औजार या उपकरण के केवल अपने हाथों से ही सड़क की डामर वाली परत को उखाड़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने विधायक के सामने ही लगभग 50 मीटर लंबी सड़क की ऊपरी परत को हाथों से उखाड़कर फेंक दिया।जिसका वीडियो सोशल मीडिया में सोमवार की देर रात करीब 11 बजे से वायरल हो रहा है।वीडियो वायरल होने के बाद सड़क निर्माण कार्य मे भ्रष्टाचार की पोल खुल गई है। बताया जा रहा है कि सोमवार के दिन ​सड़क की ऐसी दयनीय स्थिति और खुलेआम घटिया निर्माण को देखकर विधायक जयकुमार जैकी भड़क उठे।उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (RED) के अधिकारियों,कार्यदायी संस्था और ठेकेदार कंपनी के कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। ​विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क का निर्माण मानकों के अनुसार पूरी गुणवत्ता के साथ ही किया जाए।इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ​उल्लेखनीय है कि 5.9 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक ही पूरा हो जाना चाहिए था।हालांकि,निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी सड़क का काम अधूरा पड़ा हुआ है। मौके पर मौजूद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता शिव श्याम ने बताया कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी।जांच में लापरवाही या गड़बड़ी मिलने पर संबंधित ठेकेदार और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User