पिकअप के डाले के गुप्त चेंबर से 50 लाख रुपए का गांजा जब्त

Sep 25, 2026 - 06:01
0
पिकअप के डाले के गुप्त चेंबर से 50 लाख रुपए का गांजा जब्त
भास्कर न्यूज| बलरामपुर ओडिशा से बलरामपुर के रास्ते बिहार में गांजा तस्करी कर रहे अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बुधवार रात एक सफेद कलर के बोलेरो पिकअप वाहन जेएच 10 एक्यू- 5144 को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 50 लाख का 109.235 किलो गांजा मिला। तस्करों ने गांजा छिपाने पिकअप के डाला (बॉडी) के नीचे गुप्त बॉक्सनुमा चेंबर बनवा रखा था। मामले में बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले आरोपी चालक योगीराज (29) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस तस्करी सिंडीकेट से जुड़े अन्य मुख्य आरोपियों व बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की पतासाजी में जुटी हुई है। जांच जारी, मुख्य तस्कर तक पहुंचेगी पुलिस: बलरामपुर टीआई भूपेंद्र साहू ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। वह पहली बार गांजा ले जाने की बात बता रहा है। उसका मोबाइल फोन जांच रहे हैं। पांच दिन पहले पुलिस को लगी थी खबर: कोतवाली पुलिस को 5 दिन पहले ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप गुजरने की तकनीकी सूचना मिली थी। इनपुट के आधार पर पुलिस नजर बनाए हुए थी। बुधवार रात मुखबिर ने जानकारी दी। पुलिस ने बलरामपुर में चेकिंग प्वाइंट लगाया। अंबिकापुर की तरफ से आ रही बोलेरो पिकअप को रोककर जांच की। पहले तो ऊपर में कुछ नहीं मिला। इस बीच डाले के नीचे एक चेंबर दिखाई दिया। पुलिस ने इसे खोलकर देखा तो होश उड़ गए। जब्त गांजा ओडिशा के कंदमाल इलाके से निकला था। चालक बुधवार को ही गांजा लेकर पूरी तैयारी में था। डाले में कुछ सामान नहीं था। वह ओडिशा से जशपुर, अंबिकापुर होते हुए बलरामपुर तक पहुंच गया, लेकिन कहीं जांच नहीं हुई। बलरामपुर में थाने के पास कोतवाली पुलिस ने वाहन को रोका। डाला खाली था, उसके नीचे का बेस मोटा दिखा। बाहर से वह पैक था। पुलिस ने बारीकी से जांच की तो उसके नीचे से गांजा मिला। तीन रूटों से निकलते हैं तस्कर, कहीं चेकिंग नहीं तस्कर ओडिशा से ही गांजा लेकर निकलते हैं। बिहार जाने के लिए वे तीन रूट तय करते हैं। बिहार के लिए वे पहले ओडिशा से जशपुर गुमला झारखंड होते हुए पहुंचते हैं। जब गुमला की सीमा पर नाकेबंदी व जांच ज्यादा हो जाती है तो बिहार जाने के लिए वे फिर अंबिकापुर से बलरामपुर वाला रूट पकड़ लेते हैं। इसके अलावा वे अंबिकापुर से बनारस होते हुए भी बिहार के लिए जाते हैं। इनके लिए सबसे सुरक्षित रूट गुमला से झारखंड होते हुए ही रहता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User