पीलीभीत के बीसलपुर में तीन मंजिला दीवार गिरी:तेज बारिश से कई मकान क्षतिग्रस्त, सड़क पर फैला मलबा
पीलीभीत जिले के बीसलपुर कस्बे में लगातार हो रही बारिश के कारण शनिवार सुबह एक पुराने मकान की तीन मंजिला दीवार ढह गई। यह हादसा सुबह करीब 11 बजे पुराने डाकघर के पास हुआ। गनीमत रही कि दीवार गिरने के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। यह पुश्तैनी मकान नगर सभासद आशु भारद्वाज का बताया जा रहा है। दीवार का मलबा पास के मकानों और सड़क पर फैल गया। इससे राजू का 'ग्लेन ब्यूटी पार्लर' बुरी तरह टूट गया। राजेश कुमार के मकान का छज्जा भी गिरा और काशीनाथ के मकान को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद इलाके में डर का माहौल है। मकान का बचा हुआ हिस्सा भी जर्जर है और कभी भी गिर सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इसे जल्द हटाने की मांग की है। सूचना मिलते ही बीसलपुर थाना अध्यक्ष संजीव शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार, तहसील टीम और क्षेत्रीय लेखपाल ने भी हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकानों का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)