पीलीभीत में सड़क हादसे में मृत युवक बैंड कारोबारी निकला:परिजनों ने मोर्चरी में की पहचान, 17 अक्टूबर को हुआ था हादसा

Oct 19, 2026 - 14:28
0
पीलीभीत में सड़क हादसे में मृत युवक बैंड कारोबारी निकला:परिजनों ने मोर्चरी में की पहचान, 17 अक्टूबर को हुआ था हादसा
पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अज्ञात युवक की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान 35 साल के हसीब पुत्र अनीस के रूप में हुई है। वह पीलीभीत शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शहर मोहम्मद का रहने वाला था और बैंड कारोबारी था। सोशल मीडिया से मिली जानकारी के बाद सोमवार सुबह परिजनों ने जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की। हसीब 17 अक्टूबर को बैंड की बुकिंग के लिए गजरौला गया हुआ था। लौटते समय सराय सुंदरपुर गांव के पास टोल प्लाजा के नजदीक उसकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। गंभीर चोटें लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। हादसे के बाद हसीब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। गजरौला पुलिस ने शव को अज्ञात मानकर मोर्चरी में रखवाया था और उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही थी। गजरौला थाना अध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया कि शव की पहचान हो जाने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई कर परिजनों को शव सौंप दिया है। परिजनों के मुताबिक हसीब अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। वह अपने पीछे 3 बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें 12 साल की बेटी बसिबा, 6 साल की सफिया और 3 साल का बेटा मोहम्मद जैन शामिल है। परिवार के मुखिया और कमाने वाले सदस्य के चले जाने से बच्चों के पालन-पोषण और भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है। परिजनों ने बताया कि परिवार पर पिछले डेढ़ महीने में दूसरी बार दुखों का पहाड़ टूटा है। हसीब के बड़े भाई नफीस लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और करीब 15 दिन पहले उनकी मौत हो गई थी। परिवार अभी बड़े भाई की मौत के सदमे से उबरने की कोशिश कर ही रहा था कि हसीब की मौत की खबर ने उसे झकझोर दिया। करीब डेढ़ महीने के भीतर परिवार के दो कमाऊ बेटों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User