प्रेमिका के कहने पर टीचर पर फेंका तेजाब, हुई उम्रकैद:SC-ST एक्ट कोर्ट ने सुनाया फैसला, प्रेमिका को भी मिली सजा, मुठभेड़ में घायल हुआ था आरोपी
संभल में इंटर कॉलेज की शिक्षिका पर तेजाब फेंकने के मामले में करीब एक साल 20 दिन बाद अदालत ने फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायालय की विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) रागिनी ने आरोपी निशु और उसकी प्रेमिका जाह्नवी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों दोषियों पर अलग-अलग 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की पूरी धनराशि पीड़िता को दिए जाने की बात कही गई है। मंगलवार शाम करीब छह बजे सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता नीतू रानी ने फैसले की जानकारी दी। मामला 23 सितंबर 2025 का है। संभल के नखासा थाना क्षेत्र में सिंहपुर सानी से शरीफपुर जाने वाले रास्ते पर कुंडो तालाब के पास गांव शरीफपुर निवासी भावना (27) पर तेजाब फेंका गया था। भावना देहपा गांव स्थित बिहारी लाल इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। घटना के दिन वह दोपहर करीब 1:45 बजे कॉलेज से स्कूटर से घर लौट रही थीं। आरोप के मुताबिक, इसी दौरान अमरोहा जिले के गजरौला थाना क्षेत्र के तिगरी गांव निवासी निशु ने उन पर तेजाब फेंक दिया, जिससे उनका चेहरा झुलस गया। घटना के बाद पीड़िता को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी निशु की तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2025 को मुठभेड़ के दौरान दोनों पैरों में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। मामले में जाह्नवी की भूमिका को लेकर भी मुकदमा चला। अभियोजन पक्ष के अनुसार, प्रेमिका के कहने पर शिक्षिका पर तेजाब से हमला किया गया था। मुकदमे में पीड़िता की ओर से अधिवक्ता मसूद अली फारुखी और फैज अली फारुखी ने पैरवी की, जबकि राज्य सरकार की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता नीतू रानी ने पक्ष रखा। अदालत ने सुनवाई के बाद दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई। फैसले के बाद पीड़िता भावना ने कहा कि अदालत ने उनके साथ न्याय किया है। इसके लिए वह अदालत की आभारी हैं। अदालत के फैसले से मामले में न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सामने आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)