चुनाव प्रशिक्षण से 75 कर्मचारी गायब:इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन के प्रशिक्षण से गैरहाजिर कर्मियों पर होगी कार्रवाई
प्रयागराज में विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (द्विवार्षिक निर्वाचन-2026) को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में मतदान कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम दो पालियों में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण से 52 पीठासीन अधिकारी, 4 प्रथम मतदान अधिकारी और 19 द्वितीय मतदान अधिकारी समेत कुल 75 गायब रहे। अब इन सभी कर्मचारियों के खिलाफ निर्वाचन नियमावली के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. विवेक कुमार ने उपस्थित कार्मिकों को पीपीटी के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया और तकनीकी नियमों की बारीकी से जानकारी दी। वहीं जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने खुद कमान संभालते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को त्रुटिरहित व सुचारू मतदान कराने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह समेत अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। चुनाव प्रक्रिया को सुगम और हाई-टेक बनाने के लिए एक विशेष पहल भी की गई है। मतदान पार्टियों के लिए क्यूआर कोड के जरिए एक व्हाट्सएप ग्रुप तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से कार्मिकों को पीपीटी, ट्रेनिंग वीडियो और मार्गदर्शिका की सॉफ्ट कॉपी सीधे मोबाइल पर ही उपलब्ध करा दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)