प्रतापगढ़ में भूत-प्रेतों की टोली संग निकली शिव बारात:चिलबिला में हुआ शिव-पार्वती का विवाह, शहर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
प्रतापगढ़ में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को प्रतापगढ़ शहर में भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई। गोपाल मंदिर से गाजे-बाजे, हाथी-घोड़े और भूत-प्रेतों की टोली के साथ निकली शिव बारात पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र रही। बारात के स्वागत के लिए सड़क किनारे महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह भगवान शिव की आरती उतारी गई और पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। शहर का भ्रमण करते हुए बारात चिलबिला पहुंची, जहां रेलवे स्टेशन के सामने बनाए गए मंच पर शिव-पार्वती का विवाह रात 11बजे करीब संपन्न हुआ। शारदीय नवरात्र के साथ ही शहर में रामलीला और धार्मिक आयोजनों की शुरुआत हो जाती है। इसी क्रम में श्रीरामलीला समिति की ओर से भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का आयोजन किया गया। रविवार शाम 4बजे करीब बजे गोपाल मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के बाद भगवान शिव की आरती उतारी गई। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ बारात रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर बारात का स्वागत किया बारात में हाथी-घोड़े, बैंड-बाजा और डीजे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालु शामिल रहे। भूत-प्रेतों की टोली ने आयोजन को विशेष आकर्षण दिया। बारात जिस रास्ते से गुजरी, वहां श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। महिलाएं हाथों में पूजा की थाली लेकर खड़ी रहीं और बारात पहुंचने पर आरती उतारकर पुष्पवर्षा की। कई स्थानों पर मकानों की छतों से भी श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर बारात का स्वागत किया। शहर का भ्रमण करते हुए शिव बारात चिलबिला स्थित हनुमान मंदिर पहुंची। यहां बारातियों के स्वागत और जलपान की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने बारातियों का स्वागत कर जलपान कराया। इसके बाद बारात रेलवे स्टेशन मोड़ पहुंची, जहां शिव-पार्वती के जयमाल और विवाह के लिए हाइड्रोलिक मंच तैयार किया गया था। भगवान शिव को रथ उतारकर मंच पर पहुंचाया गया। कुछ देर बाद माता पार्वती अपनी सहेलियों के साथ हाथों में वरमाला लेकर मंच की ओर बढ़ीं। यह दृश्य देखकर श्रद्धालु जयकारे लगाने लगे। मंच पर भगवान शिव और माता पार्वती आमने-सामने आए तो उपस्थित लोग विवाह की झलक देखने के लिए उत्सुक नजर आए। माता पार्वती ने जैसे ही भगवान शिव के गले में वरमाला डाली, पूरा परिसर जयकारों और पुष्पवर्षा से गूंज उठा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)