प्रयागराज के आलोप शंकरी शक्तिपीठ में महानवमी पर उमड़ी भीड़:फूलों से सजा मंदिर, बोले भक्त- अगले बरस मां जल्दी आना
शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के अंतिम दिन यानी महानवमी पर संगम नगरी प्रयागराज पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। इस खास मौके पर ऐतिहासिक और आस्था के प्रमुख केंद्र मां आलोप शंकरी शक्तिपीठ में तड़के से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। नवमी के पावन अवसर पर सुबह भोर में ठीक 4 बजे मंदिर की भव्य सजावट की गई। देशी-विदेशी सुगंधित फूलों की लड़ियों से पूरे परिसर को सजाया गया था। विशेष रूप से माता के गर्भगृह को आकर्षक और मनमोहक रूप दिया गया, जिससे मंदिर का वातावरण पूरी तरह दिव्य दिखाई दे रहा था। इसके बाद मंदिर के मुख्य महंत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता की मंगला आरती संपन्न की। आरती पूरी होते ही जयकारों की गूंज के साथ मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। दूर-दूर तक लगी भक्तों की कतारें कपाट खुलते ही माता के दर्शन पाने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह की पहली किरण फूटने से पहले ही मंदिर परिसर से लेकर मुख्य मार्ग तक श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। हाथ में नारियल, चुनरी, रोली और फूलों की टोकरी लिए महिला, पुरुष और बुजुर्ग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पूरा क्षेत्र "जय माता दी" के जयकारों से गूंजता रहा। सजीं दुकानें, मेले जैसा माहौल त्योहार के मद्देनजर मंदिर के बाहर की दुकानें भी रंग-बिरंगी पूजन सामग्री, प्रसाद और खिलौनों से सजी हुई हैं, जिससे इलाके में मेले जैसा जीवंत माहौल बन गया। नवरात्रि के इस अंतिम दिन मां आलोप शंकरी के दरबार में पहुंचे भक्तों ने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दर्शन कर बाहर निकले श्रद्धालुओं की आंखों में माता के विदा होने की भावुकता भी साफ दिखी। श्रद्धालु हाथ जोड़कर यही प्रार्थना करते नजर आए। हे मां, अपनी कृपा बनाए रखना और अगले बरस जल्दी आना।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)