प्रयागराज में 11 साल बाद लगेगी डाक टिकटों की प्रदर्शनी:दुर्लभ टिकटों के साथ क्विज-कार्यशाला भी, प्रवेश निशुल्क
प्रयागराज में डाक विभाग की ओर से तीन दिवसीय जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘प्रयागफिलेक्स-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी 9 से 11 अक्टूबर तक उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC), प्रयागराज में लगेगी। प्रदर्शनी देखने के लिए लोगों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। इसकी जानकारी पोस्ट मास्टर जनरल राजीव उमराव ने बुधवार को प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि 11 साल बाद यह प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इसके पहले 2015 आयोजित हुई थी। इस प्रदर्शनी का विषय ‘इंडिया थ्रू स्टैम्प्स- हेरिटेज, कल्चर एंड प्रोग्रेस’ रखा गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों, खासकर स्कूली छात्रों और युवाओं को डाक टिकट संग्रह के प्रति जागरूक करना है। इसमें अलग-अलग दौर के दुर्लभ और रोचक डाक टिकटों के साथ अन्य फिलैटेलिक सामग्री भी प्रदर्शित की जाएगी। राजीव उमराव ने बताया कि डाक टिकट केवल डाक भेजने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए देश के इतिहास, संस्कृति, कला, भूगोल, विज्ञान, महान व्यक्तित्वों और महत्वपूर्ण घटनाओं की जानकारी मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी को छात्रों के लिए शैक्षिक गतिविधि के रूप में भी तैयार किया गया है। 10 अक्टूबर को छात्रों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें फिलैटेलिक क्विज और फिलैटेलिक कार्यशाला होगी। इसके लिए प्रयागराज के विभिन्न स्कूलों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यशाला में छात्रों को डाक टिकटों के संग्रह और उनके महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। डाक विभाग का कहना है कि फिलैटेली यानी डाक टिकट संग्रह के जरिए बच्चों में इतिहास और संस्कृति को जानने की रुचि विकसित की जा सकती है। एक छोटा सा डाक टिकट भी किसी देश की उपलब्धियों और विरासत की कहानी बता सकता है। डाक विभाग ने प्रयागराज के स्कूलों, छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचने की अपील की है। प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)