हाईकोर्ट बार चुनाव के 13वें दिन 15,525 वोटों की गिनती:महिला पदों पर मुकाबला रोचक, उष्मा मिश्रा और अदिति पांडेय ने बनाई बढ़त

Oct 07, 2026 - 19:43
0
हाईकोर्ट बार चुनाव के 13वें दिन 15,525 वोटों की गिनती:महिला पदों पर मुकाबला रोचक, उष्मा मिश्रा और अदिति पांडेय ने बनाई बढ़त
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन (एचसीबीए) चुनाव 2026-27 की मतगणना 13वें दिन भी जारी रही। बुधवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक दो स्थानों पर मतों की गिनती की गई। इस दौरान उपाध्यक्ष पुरुष, उपाध्यक्ष महिला समेत संयुक्त सचिव महिला, कोषाध्यक्ष महिला और कार्यकारिणी सदस्य महिला पदों के मतों की गिनती हुई। महिला पदों के लिए जारी आंकड़ों में कई उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला दिखाई दे रहा है। लाइब्रेरी हॉल में मतपत्र संख्या-4 की गिनती की गई। इसमें उपाध्यक्ष पुरुष के चार और उपाध्यक्ष महिला के दो पद शामिल हैं। बुधवार को इस मतपत्र के कुल 7527 मतों की गिनती हुई। वहीं, पं. के.एन. मिश्र अध्ययन कक्ष (न्यू कमेटी रूम) में मतपत्र संख्या-5 के राउंड 1 से 80 तक कुल 7998 मतों की गणना पूरी की गई। इसमें संयुक्त सचिव महिला, कोषाध्यक्ष महिला और कार्यकारिणी सदस्य महिला पद शामिल हैं। महिला पदों पर जारी आंकड़ों के मुताबिक संयुक्त सचिव महिला पद पर शिवंगी भार्गव (शिवंगी तिवारी) 2103 मतों के साथ सबसे आगे हैं। उदीशा त्रिपाठी को 2037 वोट मिले हैं और वह 66 मतों के अंतर से पीछे चल रही हैं। कविता तोमर के खाते में 1848 वोट हैं। कोषाध्यक्ष महिला पद पर उष्मा मिश्रा (नेता जी) 2980 मतों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। आराधना सिंह को 2252 और अंजना चतुर्वेदी को 2179 मत मिले हैं। वहीं कार्यकारिणी सदस्य महिला पद पर अदिति पांडेय 3844 मतों के साथ सबसे आगे हैं। वंदना सिंह 3775 मतों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दिव्या यादव को 2502 और सोनी गुप्ता को 2306 वोट मिले हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सैयद फरमान अहमद नकवी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक मतगणना की प्रक्रिया पूरी निगरानी और पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है। बुधवार को चुनाव अधिकारी लक्ष्मी कांत मिश्र, वशिष्ठ तिवारी, राजकुमार शुक्ला और अनुभव शुक्ला समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 8 अक्टूबर को भी सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक दोनों स्थानों पर मतगणना जारी रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User