प्रयागराज में 22 राज्यों के लॉ स्टूडेंट जुटे:फीस और शिक्षा अधिकारों पर 250 छात्र करेंगे चर्चा, प्रशांत भूषण करेंगे उद्घाटन
प्रयागराज में लॉ की पढ़ाई को सस्ता और बेहतर बनाने के साथ ही लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर रविवार को प्रयागराज में देशभर के लॉ स्टूडेंट्स जुटेंगे। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की पहल पर 4 अक्टूबर को अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल सेवा संस्थान में लॉ स्टूडेंट्स का राष्ट्रीय कन्वेंशन आयोजित किया जाएगा। इसमें 22 राज्यों के लॉ स्टूडेंट्स प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। शनिवार को कन्वेंशन की स्वागत समिति की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वागत समिति के अध्यक्ष विनोद तिवारी, सचिव एडवोकेट राजवेंद्र सिंह और सलाहकार एडवोकेट के.के. राय ने बताया कि कन्वेंशन का उद्घाटन सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण करेंगे। वहीं, सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस चेलमेश्वर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता AIDSO की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट रिम्मी बघेला करेंगी। सचिव राजवेंद्र सिंह ने कहा कि देश में लॉ की पढ़ाई लगातार महंगी होती जा रही है। सरकारी लॉ कॉलेजों में शिक्षकों की कमी, संसाधनों का अभाव और पुरानी पढ़ाई की व्यवस्था जैसी समस्याएं हैं। वहीं, निजी कॉलेजों की बढ़ती फीस के कारण गरीब, ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों के स्टूडेंट्स के लिए अच्छी कानूनी शिक्षा हासिल करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि लॉ की पढ़ाई का असर केवल स्टूडेंट्स के भविष्य पर ही नहीं, बल्कि देश की न्याय व्यवस्था पर भी पड़ता है। अदालतों में 5.22 करोड़ से अधिक मामले लंबित हैं। ऐसे में स्टूडेंट्स को केवल नौकरी के लिए तैयार करने के बजाय उन्हें न्याय, लोकतांत्रिक अधिकारों, धर्मनिरपेक्षता और पेशेवर नैतिकता की भी जानकारी देना जरूरी है। कन्वेंशन में फीस, छात्रवृत्ति, रोजगार, इंटर्नशिप, कॉलेजों में सुविधाओं और कानूनी पेशे में बढ़ती असमानता जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में देशभर के लॉ स्टूडेंट्स से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की गई। इस दौरान AIDSO के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरव घोष, उपाध्यक्ष सचिन जैन और ऋषेश्वर उपाध्याय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)