प्रयागराज में आधी रात कारसवार युवकों ने मचाया तांडव:पहले बाइक-ई-रिक्शा, फिर ठेले में मारी टक्कर, 20 मिनट मची अफरा-तफरी
प्रयागराज के शाहगंज इलाके में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार सवार युवकों ने कई लोगों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में चार युवक सवार थे। बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद लोगों ने पीछा किया तो चालक गाड़ी लेकर भागने लगा और रास्ते में ई-रिक्शा चालक, ठेले वाले समेत कई राहगीरों को चपेट में ले लिया। करीब 20 मिनट तक शाहगंज से करेली तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय लोग कार सवारों की पहचान कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, शाहगंज और कोतवाली थाना प्रभारियों ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। पहले बाइक सवार को मारी टक्कर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे एक कार कॉल्विन अस्पताल की ओर से शाहगंज पहुंची। शाहगंज थाने के पास कार सवारों ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद रुकने के बजाय चालक कार लेकर भागने लगा। स्थानीय लोगों ने पीछा किया तो उसने रफ्तार और बढ़ा दी। रोशनबाग से बख्शी पुल तक लोगों को मारी टक्कर लोगों के मुताबिक, कार रोशनबाग और मुस्तफा कॉम्प्लेक्स होते हुए करेली के बख्शी पुल की ओर भागी। इस दौरान ई-रिक्शा चालक, ठेले वाले और कई राहगीर उसकी चपेट में आ गए। राहत की बात यह रही कि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पीछा करने वालों को भी टक्कर मारने की कोशिश स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाया है। इसमें पीछा कर रहे लोग कार चालक को रुकने का इशारा करते नजर आते हैं, लेकिन वह गाड़ी नहीं रोकता। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार सवारों ने बाइक से पीछा कर रहे लोगों को भी टक्कर मारने की कोशिश की। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार जिस रफ्तार से दौड़ाई जा रही थी, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि चालक नशे में हो सकता था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी से किया इनकार मामले में शाहगंज और कोतवाली थाना प्रभारियों से संपर्क किया गया तो दोनों ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। स्थानीय लोग कार और उसमें सवार युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)