प्रयागराज में कीडगंज दधिकांदो मेला आज से शुरू:कृष्ण-बलदाऊ की सवारी और आकर्षक झांकियां भी निकलेंगी, 2 दिन चलेगा

Sep 25, 2026 - 17:13
0
प्रयागराज में कीडगंज दधिकांदो मेला आज से शुरू:कृष्ण-बलदाऊ की सवारी और आकर्षक झांकियां भी निकलेंगी, 2 दिन चलेगा
प्रयागराज शहर का मशहूर कीडगंज दधिकांदो मेला आज यानी 25 सितंबर से शुरू हो रहा है। यह दो दिन चलेगा और 26 सितंबर को खत्म होगा। मेले के लिए कीडगंज और आसपास के इलाकों में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सड़कों से लेकर मेला मैदान तक रोशनी से सजावट की गई है। शुक्रवार शाम भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ जी की पूजा के बाद उनकी शानदार सवारी निकाली जाएगी। इस सवारी को देखने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। मेले की तैयारियों को देखने के लिए मेयर गणेश केसरवानी ने गुरुवार को शंकर लाल भार्गव मार्ग और मेला मैदान का दौरा किया था। उन्होंने अधिकारियों को सफाई, बिजली, पीने के पानी, पानी की निकासी, नालियों और सड़क व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। बारिश की वजह से मेला मैदान में कुछ जगहों पर दलदल हो गया था। मेयर ने अधिकारियों को इसे ठीक करने और मेला क्षेत्र से मलबा हटाने के निर्देश भी दिए थे। कीडगंज के मैदान में मेले के लिए झूले और मनोरंजन के दूसरे साधन लगाए गए हैं। बच्चों के लिए झूलों के साथ ही खाने-पीने और दूसरे सामानों की दुकानें भी सज गई हैं। मुख्य सड़कों और मेला क्षेत्र में रंग-बिरंगी लाइटें लगने के बाद पूरा इलाका जगमगा रहा है। दधिकांदो मेले में धार्मिक कार्यक्रम के साथ लोगों को मनोरंजन और खरीदारी का भी मौका मिलता है। पिछले दधिकांदो कार्यक्रमों में भी भगवान श्रीकृष्ण-बलदाऊ की सवारी, झांकियां, रोशनी और झूलों ने लोगों को खूब पसंद आया है। मेले में आने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी खास इंतजाम किए हैं। 25 सितंबर की शाम चार बजे से 27 सितंबर की सुबह तक कीडगंज मेला क्षेत्र में गाड़ियों का आना बंद रहेगा। कई मुख्य चौराहों से मेला क्षेत्र की तरफ दोपहिया, चारपहिया और भारी गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आज शाम भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ जी की पूजा के बाद सवारी निकलने के साथ ही कीडगंज दधिकांदो मेले का माहौल भक्तिमय और उत्सव से भर जाएगा। दो दिन तक चलने वाले इस मेले में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User