प्रयागराज में कलकत्ता हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि:दुर्गा पंडाल में हाथों में दिए जलाकर 2 मिनट का मौन रखा, घायलों के लिए प्रार्थना

Oct 18, 2026 - 23:05
0
प्रयागराज में कलकत्ता हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि:दुर्गा पंडाल में हाथों में दिए जलाकर 2 मिनट का मौन रखा, घायलों के लिए प्रार्थना
प्रयागराज एक तरफ जहां देशभर में मां दुर्गा की आराधना की जा रही है, कलकत्ता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की दुखद घटना से त्योहार की खुशियों के बीच शोक का माहौल है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना के लिए प्रयागराज में भी प्रार्थना सभा आयोजित की गई। संगम नगरी प्रयागराज के सूबेदारगंज स्थित राजरूपपुर दुर्गा पूजा बारवारी कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने एकत्र होकर मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महिला और पुरुष सदस्यों ने हाथों में श्रद्धांजलि संदेश लिखे पोस्टर लेकर दिवंगत आत्माओं को याद किया। पोस्टरों के माध्यम से कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताया गया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूजा समिति के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके साथ ही मोमबत्तियां और दीये जलाकर हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया गया। सदस्यों ने मां जगदम्बा से प्रार्थना की कि इस दुखद घटना में घायल हुए लोग जल्द स्वस्थ हों और उनके परिवारों को इस मुश्किल घड़ी में दुख सहने की शक्ति मिले। इस मौके पर समिति के सदस्यों ने कहा कि धार्मिक आयोजन आस्था, विश्वास और आपसी भाईचारे का प्रतीक होते हैं। ऐसे आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे जरूरी है। भविष्य में किसी भी पूजा पंडाल या धार्मिक उत्सव में इस तरह की दर्दनाक घटना न हो, इसके लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए। कोलकाता में हुई घटना के प्रति संवेदना जताते हुए राजरूपपुर दुर्गा पूजा बारवारी कमेटी के सदस्यों ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरे पंडाल में गमगीन माहौल रहा। मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने एकत्र श्रद्धालुओं ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User