प्रयागराज में मुलायम सिंह यादव को सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि:उनके सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया

Oct 10, 2026 - 17:06
0
प्रयागराज में मुलायम सिंह यादव को सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि:उनके सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया
धरती पुत्र स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर प्रयागराज में शनिवार को सपाइयों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर जॉर्ज टाउन स्थित सपा कार्यालय में हुई सभा में सपाइयों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। साथ ही उनके दिखाए सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। श्रद्धांजलि सभा में जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का जीवन लोकतंत्र, सामाजिक समानता और जनसेवा का अनूठा उदाहरण है। उन्होंने राजनीति को सत्ता प्राप्त करने के बजाय समाज के अंतिम व्यक्ति को अधिकार और अवसर दिलाने का माध्यम बनाया। साधारण किसान परिवार से निकलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री के पद तक पहुँचने का उनका सफर जनविश्वास और राजनीतिक दृढ़ता की ऐतिहासिक मिसाल है। महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों से प्रेरित होकर नेताजी ने समाजवादी आंदोलन को गांव-गांव तक पहुँचाया और किसानों, मजदूरों व पिछड़े वर्गों को राजनीति में सम्मानजनक भागीदारी दिलाई। सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नेताजी ने हमेशा ग्रामीण विकास, शिक्षा, किसानों के हित और युवाओं के रोजगार को प्राथमिकता दी। वहीं, देश के रक्षा मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल ऐतिहासिक रहा। उन्होंने भारतीय सेना के जवानों के सम्मान और परिजनों के कल्याण के लिए अभूतपूर्व फैसले लिए। शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक घर तक पहुँचाने की ऐतिहासिक व्यवस्था शुरू करने का श्रेय उन्हीं को जाता है। पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, कृष्ण मूर्ति सिंह यादव और कमला यादव ने कहा कि नेताजी ने हर विपरीत परिस्थिति में अपने सिद्धांतों और जनाधार को मजबूत बनाए रखा। श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सपाइयों ने संकल्प लिया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाज के शोषित व वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर जगदीश यादव, रविन्द्र यादव, पंधारी यादव, राम सुमेर पाल, नरेन्द्र सिंह, सचिन यादव, शशांक त्रिपाठी, दूधनाथ पटेल, शांति प्रकाश पटेल, संगीता पटेल, महेन्द्र आदि थे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User