प्रयागराज में NCZCC ने कराई चित्रकला प्रतियोगिता:50 छात्रों ने रंगों से दिया स्वच्छता संदेश, कल से त्रिवेणी कला उत्सव
प्रयागराज में रविवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्र परिसर की महात्मा गांधी कला वीथिका में हुई इस प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज के करीब 50 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपनी पेंटिंग के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया। यह प्रतियोगिता स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्पेशल कैंपेन 6 के अंतर्गत आयोजित की गई। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों को तीन श्रेणियों में बांटा गया था। स्कूल वर्ग में कक्षा 6 से 8, कॉलेज वर्ग में कक्षा 9 से 12 और स्नातक वर्ग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने स्वच्छता से जुड़े अलग-अलग विषयों पर चित्र बनाए। किसी ने साफ-सफाई का महत्व दिखाया तो किसी ने अपने चित्रों के जरिए आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने रंगों और अपनी कल्पनाओं के माध्यम से स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने की कोशिश की। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्र की कार्यक्रम सलाहकार कल्पना सहाय, कार्यक्रम प्रभारी कृष्णमोहन द्विवेदी और श्रेयांश शुक्ला ने कैनवास पर चित्र बनाकर की। प्रतियोगिता के विजेताओं के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे। निर्णायक मंडल में डॉ. सचिन सैनी और रविंद्र कुशवाहा शामिल रहे। इस दौरान शैलेंद्र कुमार, आकाश अग्रवाल, रवि कुशवाहा और प्रांजल यादव समेत कई लोग मौजूद रहे। आज से शुरू होगा तीन दिवसीय त्रिवेणी कला उत्सव उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में सोमवार से तीन दिवसीय त्रिवेणी कला उत्सव शुरू होगा। केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा ने बताया कि 5 अक्टूबर को शाम 6 बजे हरियाणवी लोकनृत्य की प्रस्तुति के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। 6 अक्टूबर को नाटक 'द्रौपदी गाथा' का मंचन किया जाएगा। वहीं, उत्सव के आखिरी दिन कलाकार हरियाणवी लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे। इस आयोजन के जरिए दर्शकों को लोकनृत्य, नाटक और लोकसंगीत का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)