प्रयागराज में पारिवारिक कलह के बाद नवविवाहिता ने फांसी लगाई:हरिडीह में फंदे से लटका मिला शव, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
प्रयागराज के सोराव क्षेत्र के हरिडीह गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय नवविवाहिता अंजनी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार में कोहराम मच गया है और ग्रामीण हैरान हैं। जानकारी के अनुसार, अंजनी का विवाह करीब डेढ़ साल पहले हरिडीह निवासी मिठाई लाल के बेटे राज मंगल के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से किसी पारिवारिक बात को लेकर घर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी घरेलू कलह और मानसिक तनाव से परेशान होकर अंजनी ने फांसी लगा ली। घटना की भनक लगते ही मृतका के जेठ ओम प्रकाश ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोराव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु का सटीक कारण स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही मामले में विधिक व आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)