प्रयागराज में RO/ARO परीक्षा पुराने पैटर्न पर कराने की मांग:3 नवंबर को होगी छात्र महापंचायत, आंदोलन की रणनीति बनी

Oct 18, 2026 - 22:47
0
प्रयागराज में RO/ARO परीक्षा पुराने पैटर्न पर कराने की मांग:3 नवंबर को होगी छात्र महापंचायत, आंदोलन की रणनीति बनी
प्रयागराज में RO/ARO परीक्षा पुराने पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न के आधार पर कराने की मांग को लेकर रविवार को मम्फोर्डगंज स्थित शिवाजी पार्क में प्रतियोगी अभ्यर्थियों की बैठक हुई। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के नेतृत्व में हुई बैठक में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि मांगों को लेकर 3 नवंबर को शाम 5 बजे शिवाजी पार्क में छात्र हुंकार महापंचायत आयोजित की जाएगी। बैठक में अभ्यर्थियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित होने वाली समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा के पाठ्यक्रम और पैटर्न में बदलाव की संभावना से छात्र परेशान हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से पुराने पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न के आधार पर तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में परीक्षा के नजदीक बदलाव होने से उनकी तैयारी और परीक्षा की रणनीति प्रभावित हो सकती है। अभ्यर्थियों ने मांग की कि आयोग इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करे और आगामी परीक्षा पुराने पाठ्यक्रम एवं पैटर्न पर ही कराए। उनका कहना है कि किसी भी बदलाव से पहले प्रतियोगी छात्रों की तैयारी और उनके हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच के अनुसार, इस मांग को लेकर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पहले भी ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई अपेक्षित निर्णय नहीं होने से अभ्यर्थियों में चिंता बनी हुई है। मंच ने कहा कि मांगों पर समय रहते फैसला नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाया जाएगा। मंच की ओर से 3 नवंबर को होने वाली महापंचायत में अधिक से अधिक प्रतियोगी अभ्यर्थियों को जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए दिल्ली और लखनऊ समेत अलग-अलग स्थानों पर छात्र प्रतिनिधिमंडलों के माध्यम से संपर्क किया जाएगा। विभिन्न बैठकों के जरिए भी छात्रों को महापंचायत के उद्देश्य और मांगों की जानकारी दी जाएगी। संयुक्त प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच ने प्रयागराज और आसपास के जिलों के प्रतियोगी अभ्यर्थियों से महापंचायत में शामिल होने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User