UPPSC विधीक्षण अधिकारी स्क्रीनिंग परीक्षा 26 अक्टूबर को:प्रवेश पत्र जारी, 5 हजार अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से आयोजित विधीक्षण अधिकारी की स्क्रीनिंग परीक्षा 26 अक्टूबर, 2026 को होगी। आयोग ने इसका प्रवेश पत्र जारी कर दिया है। यह परीक्षा एक पाली में सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक कराई जाएगी। इस परीक्षा के लिए करीब 5 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आयोग ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग के परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पाण्डेय ने बताया कि प्रवेश पत्र जारी कर दिया गया लेकिन अभी अभ्यर्थियों को केवल परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी दी गई है। उस शहर में केंद्र की जानकारी परीक्षा से 3 दिन पहले दी जाएगी। 23 अक्टूबर को वेबसाइट पर केंद्र का नाम अपडेट कर दिया जाएगा। असल एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से तीन दिन पहले यानी 23 अक्टूबर, 2026 से आयोग की वेबसाइट पर मिलने लगेगा। अभ्यर्थी अपने OTR नंबर के जरिए ही अपने प्रवेश पत्र और जरूरी निर्देश डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर जाते समय अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) की मूल कॉपी के साथ एक फोटोकॉपी जरूर साथ रखना होगा। परीक्षा कक्ष में इनविजिलेटर (कक्ष निरीक्षक) को आईडी प्रूफ की एक फोटोकॉपी देना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटा 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के गेट खोल दिए जाएंगे। वहीं, परीक्षा शुरू होने के तय समय से 45 मिनट पहले केंद्र के दरवाजे बंद कर दिए जाएंगे, इसलिए समय से पहले पहुंचने की कोशिश करें। लेट होने पर प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा में पूरी तरह पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सरकार का कड़ा कानून लागू है। उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत यदि कोई भी छात्र नकल करते हुए, गलत तरीके अपनाते हुए या सॉल्वर गैंग से जुड़े किसी भी गैर-कानूनी काम में पकड़ा जाता है, तो उसे आजीवन कारावास (उम्रकैद) और 1 करोड़ रुपये तक का भारी जुर्माना हो सकता है। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को पूरी ईमानदारी और सावधानी के साथ परीक्षा में शामिल होने की सलाह दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)