प्रयागराज में समाजवादी छात्र सभा ने निकाली मशाल यात्रा:छात्रसंघ भवन से कंपनी गार्डेन तक विरोध प्रदर्शन किया, फॉर्म-6 बहाली की मांग
प्रयागराज में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) रद्द करने की मांग को लेकर समाजवादी छात्र सभा ने बुधवार शाम मशाल यात्रा निकाली। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन से शुरू हुई यात्रा कटरा होते हुए कंपनी गार्डेन पहुंच कर समाप्त हुई। इस दौरान छात्रों ने चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। 2 तस्वीरें देखिए… मशाल यात्रा में उठे नारे
मशाल लेकर निकले छात्रों ने ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’, ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एसआईआर के नाम पर मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में नाम काटे जा रहे हैं, जिससे नागरिकों के मताधिकार पर खतरा पैदा हो रहा है। छात्रनेताओं का आरोप
छात्रनेता ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार “वोट चोरी” कर लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं और उन्हें इस्तीफा देना ही होगा। उन्होंने दावा किया कि इसके खिलाफ इलाहाबाद के छात्र और नौजवान सड़कों पर उतरे हैं। वहीं छात्रनेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के तहत वैध मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं और फॉर्म-6 से जुड़ी प्रक्रिया से मतदाताओं को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मशाल जुलूस ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला गया है। छात्र संगठन ने घोषणा की कि एसआईआर रद्द होने, पुरानी फॉर्म-6 व्यवस्था बहाल होने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। इससे पहले भी प्रयागराज में छात्र संगठनों और सपा कार्यकर्ताओं ने इसी मुद्दे पर मार्च व प्रदर्शन किए थे। पिछले मार्च से पहले पुलिस ने कई छात्रनेताओं को हिरासत में लिया था, जिसके बाद संगठनों ने आंदोलन जारी रखने की घोषणा की थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)