प्रयागराज में संविदा ANM कर्मचारियों का प्रदर्शन:बोलीं-10 से 12 हजार में परिवार नहीं चलता नियमित करें, नहीं तो समान कार्य समान वेतन दें
नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रयागराज के सभी 23 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत संविदा एएनएम(Auxiliary Nurse Midwife) कर्मचारियों ने सोमवार को सीएमओ कार्यलय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले 11 से 15 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नहीं किया गया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से सभी संविदा एएनएम को नियमित करने की मांग की। संविदा एएनएम शैल राय ने कहा कि उनका करीब 12वां साल चल रहा है। हमने अपनी पूरा जीवन स्वास्थ्य विभाग में सेवा देते हुए गुजार दी। अब 40 से 50 वर्ष की उम्र में हम किसी दूसरी सरकारी नौकरी के लिए आवेदन भी नहीं कर सकते। सरकार हमें स्थायी करे और नियमित कर्मचारियों को मिलने वाली सभी सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने कहा कि यदि तत्काल नियमितीकरण संभव नहीं है तो समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए। शैल राय के मुताबिक, नियमित एएनएम को 60 से 70 हजार रुपये तक वेतन और कई सुविधाएं मिलती हैं, जबकि संविदा कर्मचारियों को करीब 10 से 12 हजार रुपये प्रतिमाह ही मिलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संविदा कर्मचारियों को अवकाश, चिकित्सा सुविधा, जीवन बीमा और एचआरए जैसे लाभ भी नहीं मिलते। बीमारी के दौरान मेडिकल अवकाश लेने पर भी वेतन काट लिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविदा समाप्त करने और वेतन काटने की धमकी का दबाव कर्मचारियों पर हमेशा बना रहता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी विशेष अधिकारी का नाम लेकर धमकी नहीं दी जाती, बल्कि विभागीय स्तर पर ऐसी चेतावनी दी जाती है। वहीं, संविदा एएनएम अन्नू राय का कहना है कि कई कर्मचारी 11, 12 और 15 वर्षों से विभाग में कार्यरत हैं। नियमित एएनएम के बराबर काम करने के बावजूद उन्हें उसका एक चौथाई हिस्सा ही वेतन के रूप में मिलता है। उन्होंने कहा कि 10 से 12 हजार रुपये में परिवार चलाना मुश्किल है, जबकि कई महिला कर्मचारियों के परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। कर्मचारी छह से सात घंटे से अधिक समय से प्रदर्शन कर रहे थे। लेकिन शाम तक उनकी सुनवाई के लिए कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए सभी संविदा एएनएम को नियमित करने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)