पति की मौत, बच्चों की जिम्मेदारी ने बढ़ाई चिंता:फैक्ट्री में टैंक में आग लगने के बाद 30 फीट नीचे गिरने से दो मजदूरों की हुई थी मौत, पत्नी ने मांगी मदद
कानपुर देहात के रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित टायर ऑयल फैक्ट्री में हुए हादसे के 8 दिन बाद बुधवार 12 बजे मृतक मजदूर की पत्नी अपने दोनों बच्चों को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची। पति की मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ने का हवाला देते हुए रिजवाना ने अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई। रिजवाना का कहना है कि उनके पति परिवार के अकेले कमाने वाले थे और अब बच्चों की परवरिश और पढ़ाई की जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई है। दरअसल, 21 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री में टैंक में अचानक आग लग गई थी। हादसे के दौरान टैंक में काम कर रहे मजदूर आग की चपेट में आकर करीब 30 फीट नीचे गिर गए थे। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई थी। मृतकों में गंगागंज गजनेर निवासी दीपेंद्र और जालौन जिले के कोंच-कालपी स्थित आजाद नगर निवासी 40 वर्षीय रियाज पुत्र मोहम्मद हलीम शामिल थे। रियाज की पत्नी रिजवाना का कहना है कि हादसे के बाद से परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है। रिजवाना के मुताबिक कंपनी की तरफ से करीब ढाई लाख रुपये देने की बात कही जा रही है, लेकिन उनका कहना है कि पति के जाने के बाद दो बच्चों की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलाना उनके लिए बड़ी चुनौती है। परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता मिले रिजवाना की तहरीर पर पुलिस कंपनी मालिक और मैनेजमेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चुकी है। वहीं, हादसे के बाद श्रम विभाग ने भी कंपनी को नोटिस जारी किया है। शुरुआती जांच में फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। सहायक श्रम आयुक्त राम आशीष के मुताबिक कंपनी को नोटिस भेजा जा चुका है। नियमानुसार मुआवजा नहीं दिए जाने पर नोटिस जारी होने के 30 दिन बाद विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल 8 दिन बाद बच्चों को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची रिजवाना की मांग है कि परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाए, ताकि पति की मौत के बाद बच्चों का भविष्य अंधेरे में न जाए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)