पत्नी की हत्या करने वाला मुन्ना कोल हुआ गिरफ्तार:सोनभद्र में खेती में नुकसान के बाद गांव छोड़ने पर हुआ था विवाद, डंडे और टंगारी से किया था हमला
सोनभद्र के शाहगंज थाना क्षेत्र में पत्नी की गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मुन्ना कोल निवासी मुसहर टोला राजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, खेती में नुकसान होने के कारण आरोपी गांव छोड़ना चाहता था, जबकि उसकी पत्नी रामदुलारी वहीं रहकर खेती करना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान मुन्ना ने डंडे और टंगारी से पत्नी पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, मुन्ना कोल अपनी पत्नी रामदुलारी के साथ पिछले पांच वर्षों से गुरदह में जमीन लेकर खेती कर रहा था। खेती में लाभ नहीं होने के कारण वह वहां नहीं रहना चाहता था। वहीं, उसकी पत्नी उसी स्थान पर रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर 11 अक्तूबर को कैर जंगल में दोनों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर मुन्ना ने डंडे और टंगारी से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन घायल रामदुलारी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में मुन्ना कोल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में घोरावल पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही थी। मंगलवार सुबह उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह और उपनिरीक्षक राहुल पांडेय ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्राम कोटवा स्थित राजा साहब के बाग से मंगलवार की सुबह 5:37 बजे मुन्ना कोल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ शाहगंज थाने में बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)