पुणे की महिला से 2.80 करोड़ की ठगी:पूजा से बाधा दूर करने का झांसा, 2 करोड़ नकद और 80 लाख की ज्वेलरी हड़पने का आरोप

Oct 08, 2026 - 07:45
0
पुणे की महिला से 2.80 करोड़ की ठगी:पूजा से बाधा दूर करने का झांसा, 2 करोड़ नकद और 80 लाख की ज्वेलरी हड़पने का आरोप
हनुमानगढ़ी के पीछे आश्रम चलाने का दावा करने वाले कथित साधु ने पूजा-पाठ से परेशानियां दूर करने का झांसा देकर पुणे की 55 वर्षीय महिला से 2.80 करोड़ रुपए ठग लिए। महिला का आरोप है कि कथित साधु और उसके साथियों ने पूजा अधूरी रहने, विघ्न आने और मृत्यु का भय दिखाकर बार-बार रुपए और जेवर लिए। राम जन्मभूमि थाना पुलिस ने कथित साधु विवेकानंद, उसके चेले सूरज और चालक रत्नाकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुणे निवासी लक्ष्मी कामा ने पुलिस को बताया कि पुणे एयरपोर्ट में जमीन जाने और उचित मुआवजा नहीं मिलने से वह परेशान थीं। इसी दौरान टीवी पर अयोध्या के विवेकानंद का कार्यक्रम देखा। कार्यक्रम में पूजा-पाठ से समस्याएं दूर करने का दावा किया जा रहा था। स्क्रीन पर दिए नंबर पर संपर्क करने पर कथित साधु ने पूजा कराने की बात कही और पूजा सामग्री के लिए रुपए लाने को कहा। 20 लाख नकद और चांदी का मुकुट लेकर अयोध्या आईं आरोप है कि लगातार दो दिन फोन कर महिला से 20 से 25 लाख रुपए नकद लाने को कहा गया। महिला बैंक से 20 लाख रुपए निकालकर और भगवान राम को चढ़ाने के लिए 500 ग्राम चांदी का मुकुट लेकर फ्लाइट से अयोध्या पहुंचीं। एयरपोर्ट के बाहर विवेकानंद, सूरज और रत्नाकर उन्हें मिले। तीनों उन्हें गाड़ी से ले गए। बाद में होटल में 20 लाख रुपए और चांदी का मुकुट ले लिया गया। अगले दिन महिला को फ्लाइट से पुणे भेज दिया गया। करीब 15 दिन बाद आरोपियों ने फिर 5 लाख रुपए मांगे। यह रकम बैंक मैनेजर के जरिए खाते में भेजी गई। इसके बाद कथित साधु और उसका चेला पुणे पहुंचे। एक दिन होटल में रुककर 2 लाख रुपए किराए और 18 लाख रुपए पूजा के नाम पर लिए। महिला का आरोप है कि इसके बाद भी अलग-अलग बहाने बनाकर रकम मांगी जाती रही। पूजा में विघ्न और मृत्यु का डर दिखाने का आरोप महिला के अनुसार, आरोपियों ने पूजा में विघ्न पड़ने की बात कहकर और रुपए मांगे। उन्होंने बेटे से 40 लाख रुपए लेकर 20 लाख रुपए आरोपियों को दिए। दो महीने बाद आरोपी फिर पुणे पहुंचे और 25 लाख रुपए नकद तथा 2 लाख रुपए किराए के नाम पर लिए। पीड़िता का आरोप है कि इस तरह धीरे-धीरे करीब 2 करोड़ रुपए नकद और 80 लाख रुपए कीमत की सोने-चांदी की ज्वेलरी हड़प ली गई। करीब छह महीने बाद जब काम नहीं हुआ तो वह अयोध्या पहुंचीं और रुपए वापस मांगे। आरोपियों ने कहा कि पैसा हनुमान मंदिर के पिलर और अनाथ बच्चियों की शादी में खर्च हो गया है। साथ ही कहा कि और पैसा नहीं दिया तो पूजा अधूरी रह जाएगी। मना करने पर मृत्यु का भय दिखाकर 10 लाख रुपए और लेने का आरोप है। राम जन्मभूमि थाना प्रभारी सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि महिला ने फोन पर कुछ जानकारी दी है। पूरे साक्ष्य के साथ उन्हें थाने बुलाया गया है। वृद्ध होने के कारण उन्होंने कुछ दिन की मोहलत मांगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User