पूर्वजों की जन्मभूमि खोजने उन्नाव पहुंचे बृजभूषण सिंह:मां पूर्वी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बोले- गांव और परिवार की तलाश

Oct 15, 2026 - 15:38
0
पूर्वजों की जन्मभूमि खोजने उन्नाव पहुंचे बृजभूषण सिंह:मां पूर्वी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद बोले- गांव और परिवार की तलाश
उन्नाव में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह गुरुवार दोपहर असोहा क्षेत्र स्थित आदि शक्ति पीठ मां पूर्वी देवी मंदिर पहुंचे। यहां कार्यक्रम के आयोजक सतीश त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया। बृजभूषण शरण सिंह के साथ गोल्डी सिंह भी हेलीकॉप्टर से पहुंचे। मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया और अपने पूर्वजों से जुड़े इतिहास का जिक्र किया। बृजभूषण शरण सिंह ने पुरवा तहसील को अपने पूर्वजों की जन्मभूमि और कर्मभूमि बताते हुए कहा कि उनका यहां से पारिवारिक जुड़ाव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों की जड़ों को तलाशने और उनसे जुड़े लोगों के साथ संबंध बनाने के लिए यहां आए हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने बताया कि उनके पूर्वज उन्नाव की पुरवा तहसील के रंजीत पूर्वा गांव से गोंडा गए थे। उनके अनुसार, वर्ष 1857 के दौर में अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष के कारण उनके पूर्वजों को यहां से जाना पड़ा था। उन्होंने बताया कि उनके घर में बने ठाकुरद्वारे के जीर्णोद्धार के दौरान भी पूर्वजों के इतिहास से जुड़ी जानकारियों का उल्लेख मिला था। वह लंबे समय से अपने पूर्वजों के गांव और परिवार से जुड़े लोगों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे यह कहते हुए गर्व है कि मैं किसी राजा-महाराजा का बेटा नहीं हूं। मेरे पूर्वज यहीं से गए थे। कई पीढ़ियां बीत चुकी हैं, लेकिन अपनी जन्मभूमि से जुड़ने की इच्छा हमेशा रही है। अगर मुझे वह गांव और वहां के लोग मिल जाएं तो उनसे हमेशा के लिए संबंध बनाना चाहता हूं। आना-जाना बना रहे, यही मेरी इच्छा है।’ राष्ट्रकथा में शामिल होने के लिए सभी को दिया निमंत्रण बृजभूषण शरण सिंह ने स्थानीय लोगों को राष्ट्रकथा के आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में अमीर हो या गरीब, हर व्यक्ति आ सकता है। आने वाले लोगों के खाने और रहने की व्यवस्था वह स्वयं कराएंगे। उन्होंने कहा कि 10 हजार या 20 हजार लोग भी आएंगे तो सभी के लिए व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User