पुतला दहन पर सपा-पुलिस आमने-सामने, 236 पर मुकदमा:प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की; पुतला फूंकने का आरोप

Oct 05, 2026 - 00:03
0
पुतला दहन पर सपा-पुलिस आमने-सामने, 236 पर मुकदमा:प्रदर्शन के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की; पुतला फूंकने का आरोप
कानपुर देहात में रविवार दोपहर 12 बजे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में सपा ने प्रदर्शन किया। रविवार शाम करीब 7 बजे पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। उप निरीक्षक नर सिंह की तहरीर पर सपा जिलाध्यक्ष बबलू राजा, पूर्व मंत्री शिव कुमार बेरिया, पूर्व सांसद राजाराम पाल समेत 36 लोगों को नामजद किया गया है। करीब 200 अज्ञात महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है। सपा कार्यालय से पैदल मार्च कर माती पहुंचे कार्यकर्ता सपा नेताओं के मुताबिक प्रदर्शन से पहले सुबह कई नेताओं को नजरबंद किया गया था। इसके बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ता सपा कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए दोपहर करीब 12 बजे माती मुख्यालय पहुंचे। कलेक्ट्रेट के पूर्वी गेट के सामने कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और पुतला दहन का प्रयास किया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की का आरोप पुलिस की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारी सड़क घेरकर आगे बढ़ते रहे। पुलिस के मुताबिक इससे यातायात प्रभावित हुआ। एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों को भी निकलने में परेशानी हुई। पुलिस ने पुतला छीना, पुआल जलाने का आरोप तहरीर के मुताबिक पुलिस ने एक पुतला छीन लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क किनारे पड़े पुआल में आग लगाकर सांकेतिक विरोध करने का प्रयास किया। पुलिस ने आग बुझा दी। पेट्रोल से आग लगाने की कोशिश का आरोप पुलिस के अनुसार बाद में एक और पुतला और पेट्रोल से भरी शीशी लाई गई। आरोप है कि पुतले में आग लगाने का प्रयास किया गया। पुलिस का कहना है कि इससे आग भड़कने और अफरा-तफरी की स्थिति बन सकती थी। पुलिस ने आग को तत्काल बुझा दिया। निषेधाज्ञा के बावजूद प्रदर्शन का आरोप पुलिस का कहना है कि जिले में धारा 163 बीएनएसएस के तहत निषेधाज्ञा लागू थी। प्रदर्शनकारियों को इसकी जानकारी दी गई थी। प्रदर्शन रोकने के लिए कहा गया, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद चौकी प्रभारी जैनपुर उप निरीक्षक नर सिंह की तहरीर पर अकबरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। सपा बोली- लोकतांत्रिक तरीके से किया विरोध सपा नेताओं का कहना है कि उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया है। प्रदर्शन के बाद मुकदमा दर्ज होने से कानपुर देहात में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User