राहुल को रावण बताने वाले पोस्टर पर बवाल:कांग्रेस ने FIR के लिए खालाबाजार थाने में दी तहरीर
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रावण के चित्र के साथ सनातन विरोधी संदेश वाले पोस्टर लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ‘सनातन रक्षा संगठन’ की ओर से शहर में नगर निगम की आरक्षित साइटों पर बिना अनुमति पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी सनातन विरोधी के रूप में दिखाया गया है। कांग्रेस ने इसे सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश बताते हुए विरोध जताया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विधि विभाग के अध्यक्ष अली आसिफ जमा रिजवी एडवोकेट की अगुआई में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने खालाबाजार थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। इसमें पोस्टर-बैनर लगाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। कांग्रेस बोली- सामाजिक वैमनस्य बढ़ाने की कोशिश शिकायती ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम की आरक्षित साइटों पर बिना अनुमति पोस्टर-बैनर लगाना नियमों का उल्लंघन है। पोस्टरों में राहुल गांधी की तस्वीर को सनातन विरोधी के रूप में प्रदर्शित करना आपत्तिजनक है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी संविधान में विश्वास करती है और लगातार अलोकतांत्रिक तथा फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ रही है। ऐसे पोस्टर समाज में निराशाजनक संदेश देने के साथ सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकते हैं। भाजपा पर भी लगाए आरोप अली आसिफ जमा रिजवी ने आरोप लगाया कि भाजपा और उससे जुड़ी विचारधारा के लोग राहुल गांधी की छवि खराब करने के लिए कभी विवादित पोस्ट, कभी पोस्टर और कभी सोशल मीडिया पर मीम के जरिए प्रचार करते हैं। उनके मुताबिक, ऐसे कृत्यों का उद्देश्य सामाजिक वैमनस्य बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए इस तरह के अलोकतांत्रिक कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है। कांग्रेस ने नगर निगम की आरक्षित साइटों पर पोस्टर लगाए जाने को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल बताया और पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर उत्तर प्रदेश राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, मध्य जोन के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद शैलेन्द्र तिवारी बबलू, तौहीद अहमद नजमी, अभिषेक मिश्रा, आकिल हुसैन, मोहम्मद आरिफ, राजन रावत, मुनेश्वर पाल, मोहम्मद शारिक और अलीम सिद्दीकी सहित कई अधिवक्ता शामिल रहे। 18 अक्टूबर को शहर में लगाई गई ये होर्डिंग रविवार सुबह शहर के अलग अलग हिस्सों में होर्डिंग लगाई गई। इसमें रावण के 9 सरों को दर्शाया गया। इसमें रावण के 9 सरों कि जगह अखिलेश यादव , एलन मस्क , मोहम्मद युनुस ,मुख्तार अंसारी, और बीच में अतीक अहमद, उसके बाद आजम खान , इल्हान उमर, जॉर्ज सोरोस और राहुल गांधी की तस्वीर लगी है। पोस्टर पर सब से ओर लिखा है “सनातन भारत के विरोधी रावण”। होर्डिंग सनातन रक्षा संगठन की ओर से लगवाई गई है। होर्डिंग हजरत गंज विधायक निवास , गोमती नगर और कपूरथला समेत शहर अलग अलग पौष और वीआईपी इलाकों में लगाई गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)