राजपुर पीएचसी में इमरजेंसी सेवा आज से शुरू:डॉक्टरों की कमी के चलते बंद हुई थी सेवा, सीएमओ ने जारी किए आदेश

Oct 15, 2026 - 08:10
0
राजपुर पीएचसी में इमरजेंसी सेवा आज से शुरू:डॉक्टरों की कमी के चलते बंद हुई थी सेवा, सीएमओ ने जारी किए आदेश
कानपुर देहात के राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी इलाज की सुविधा आज गुरुवार को फिर से शुरू की जा रही है। डॉक्टरों की कमी के चलते बंद की गई इमरजेंसी सेवा को बहाल करने के लिए सीएमओ डॉ. जय गोविंद ने आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी की गई है। इससे क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर आपातकालीन इलाज मिलने की उम्मीद है। दरअसल, बीते 9 अक्टूबर को डॉक्टरों की कमी का हवाला देते हुए राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी सेवाएं बंद करने के आदेश जारी किए गए थे। स्वास्थ्य विभाग का तर्क था कि पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण केंद्र पर 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं संचालित करना संभव नहीं है। इसके बाद क्षेत्र के मरीजों को आपात स्थिति में इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था। इमरजेंसी सेवा बंद होने से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसको लेकर लोगों में नाराजगी भी सामने आई। क्षेत्रीय लोगों की समस्या को देखते हुए स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री अजीत सिंह पाल ने इमरजेंसी सेवा दोबारा शुरू कराने की पहल की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने नए सिरे से डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती करते हुए सेवा बहाल करने का फैसला लिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से 14 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक, राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक, फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय की तैनाती की गई है। आदेश में संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी संभालने और राजकीय कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले से राजपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नई तैनाती के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी सेवाएं नियमित रूप से संचालित हो पाती हैं या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User