राख लदी हाइवा का टायर फटने से 5 लोग घायल:बीजपुर-बखरिहवा मार्ग पर बिखरी गिट्टी से हादसा, स्कूल समय में नो एंट्री की मांग
सोनभद्र में बीजपुर से बखरिहवा तक खराब सड़क पर बिखरी गिट्टी और उड़ती धूल से लोग परेशान हैं। जरहा गांव के पोथीपाथर टोला में राख लदी एक हाइवा का टायर फटने से पांच लोग घायल हो गए। बताया गया कि सड़क पर बिखरी गिट्टी छिटकने के कारण हादसा हुआ। घायलों को स्थानीय डॉक्टर के पास इलाज कराने के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे में सुंदर लाल पुत्र शिव लाल, सुकवरिया पत्नी शिवराज, शिवम पुत्र राम नारायण, मोनू पुत्र रामनारायण और उदय चंद घायल हुए। सभी को स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया। इलाज के बाद डॉक्टर ने उन्हें छुट्टी दे दी। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर राख का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि राख लदे वाहनों के चलने से सड़क पर धूल उड़ती है और लोगों के लिए हादसों का खतरा बना रहता है। खराब सड़क पर बिखरी गिट्टी से भी आवागमन में परेशानी हो रही है। पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और यातायात फिर से शुरू कराया। साथ ही राख लदी हाइवा को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया। ग्रामीणों की मांगों और प्रशासनिक स्तर पर हुई बातचीत के बाद शाम तक यातायात सामान्य हो सका। ग्रामीणों ने रखीं चार प्रमुख मांगें ग्रामीणों ने राख का परिवहन खुले वाहनों के बजाय बंद गाड़ियों यानी बल्कर से कराने, सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव करने और मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। इसके अलावा स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए सुबह 7 से 9 बजे और शाम 6 से 8 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन रोकने की मांग भी रखी। इन शर्तों पर सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया। मौके पर तहसील प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अमजद अली खान और कानूनगो गंगा प्रसाद सिंह मौजूद रहे। एनटीपीसी रिहंद प्रबंधन की ओर से उप महाप्रबंधक प्रदीप कुमार और वरिष्ठ प्रबंधक धर्मेंद्र गिरी पहुंचे। म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गौड़, पूर्व जिला पंचायत सदस्य केदार यादव और प्रभारी निरीक्षक अविनाश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)