राम का किरदार निभाकर चीनू ने छोड़ दिया नॉनवेज:मेरठ रामलीला में सीता बनीं तनुजा बोलीं- अब पता चला माता सीता का जीवन कितना कठिन रहा होगा
नवरात्रि में देशभर में रामलीलाओं का मंचन किया जा रहा है। मेरठ छावनी में भी करीब 30 साल से रामलीला का आयोजन हो रहा है। इस बार राम और सीता की भूमिका निभा रहे दोनों कलाकार युवा हैं। सीता का किरदार निभा रहीं तनुजा राणा पहली बार अभिनय कर रही हैं। वहीं, श्रीराम की भूमिका निभा रहे चीनू गोस्वामी वर्ष 2019 से लगातार इस रामलीला में हिस्सा ले रहे हैं। दोनों कलाकारों का कहना है कि इन किरदारों का असर उनके निजी जीवन पर भी पड़ा है। जहां तनुजा अब आगे भी सीता का किरदार निभाना चाहती हैं, वहीं चीनू ने श्रीराम की भूमिका निभाने के बाद मांसाहार छोड़ दिया। पहली बार सीता बनीं तनुजा, आगे भी निभाना चाहती हैं किरदार उत्तराखंड के कोटद्वार की रहने वाली तनुजा राणा इस बार रामलीला में माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। यह उनका पहला अभिनय है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने यह देखने के लिए किरदार चुना था कि वह अभिनय कर सकती हैं या नहीं। लेकिन, सीता का किरदार निभाने के बाद उनका उत्साह बढ़ गया। अब वह भविष्य में भी माता सीता की भूमिका निभाना चाहती हैं। तनुजा के मुताबिक, उन्हें सबसे ज्यादा खुशी इस बात की होती है कि मंचन के बाद भी लोग उन्हें माता सीता की तरह सम्मान देते हैं। इस किरदार को निभाते हुए उन्हें एहसास हुआ कि सीता माता का जीवन और रहन-सहन कितना कठिन रहा होगा। आज तकनीक और तमाम सुविधाएं होने के बावजूद कलाकारों को अभिनय के दौरान कई परेशानियां होती हैं। ऐसे में उस समय की परिस्थितियों को समझना और भी मुश्किल है। 2019 से निभा रहे राम का किरदार, खानपान में भी आया बदलाव उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले चीनू गोस्वामी वर्ष 2019 से इस रामलीला में श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने रामलीला में केवल श्रीराम का ही किरदार निभाया है। इस भूमिका का असर उनके रहन-सहन और खानपान पर भी पड़ा है। चीनू के अनुसार, श्रीराम का किरदार निभाने के बाद उनके चाल-चलन और जीवनशैली में बदलाव आया। पहले वह मांसाहार करते थे, लेकिन यह भूमिका निभाने के बाद उन्होंने इसे छोड़ दिया। उनका कहना है कि अब उनकी अंतरात्मा मांसाहार करने की गवाही नहीं देती। चीनू के लिए इस किरदार की खास बात यह है कि इसका असर केवल मंच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके वास्तविक जीवन में भी बदलाव आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)