राम मंदिर की तर्ज पर बनेगा नाका हनुमानगढ़ी:51 फीट से अधिक ऊंचा होगा मंदिर, मकराना मार्बल से निर्माण; गर्भगृह में विराजमान रहेंगे वर्तमान हनुमान जी
14 कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित नाका हनुमानगढ़ी मंदिर का अब भव्य पुनर्निर्माण होगा। मंदिर को राम मंदिर की तर्ज पर विकसित करने की तैयारी है। प्रस्तावित मंदिर 51 फीट से अधिक ऊंचा होगा। इसका निर्माण मकराना मार्बल से किया जाएगा। मंदिर के महंत रामदास ने बताया कि नाका हनुमानगढ़ी से ही 14 कोसी परिक्रमा शुरू होती है। यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप देने की योजना बनाई गई है। 100×100 फीट में विकसित होगा परिसर प्रस्तावित मंदिर परिसर करीब 100×100 फीट क्षेत्र में विकसित होगा। गर्भगृह 15×15 फीट का होगा। इसमें वर्तमान हनुमान जी की मूर्ति ही विराजमान रहेगी। मंदिर परिसर में संत निवास, गौशाला और यज्ञशाला भी बनाई जाएगी। इसके अलावा भंडार गृह, अन्नपूर्णा मंदिर और जगन्नाथ मंदिर भी होंगे। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और धार्मिक सामग्री की दुकानें बनाई जाएंगी। भोग के लिए बनेगा अलग कॉरिडोर महंत रामदास के अनुसार भगवान के भोग और सेवा के लिए अन्नपूर्णा मंदिर से गर्भगृह तक अलग कॉरिडोर बनाया जाएगा। इससे पूजा और भोग की परंपराएं पर्दे में संपन्न की जा सकेंगी। मंदिर में पांचों आरती की व्यवस्था होगी। इनमें मंगला, श्रृंगार, राजभोग, संध्या और शयन आरती शामिल हैं। जनसहयोग से होगा निर्माण निर्माण की जिम्मेदारी श्री भास्कर दास हनुमानगढ़ी धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट उठाएगा। इसके लिए श्रद्धालुओं से जनसहयोग लिया जाएगा। एक रुपए से लेकर इच्छानुसार सहयोग किया जा सकेगा। मंदिर का निर्माण करीब तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है। फिलहाल मंदिर का मॉडल तैयार हो चुका है। अब विस्तृत डिजाइन, ड्राइंग और बजट तैयार कर योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)