रामलीला में राम जन्म और ताड़का वध का मंचन:श्रीराम के जन्म पर गूंजा जय श्रीराम, ताड़का वध पर बजीं तालियां
मथुरा में नौहझील कस्बे में आयोजित 120वें ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव में गुरुवार रात आदर्श महालक्ष्मी रामलीला संस्थान, वृंदावन के कलाकारों ने राम जन्म और ताड़का वध की लीला का जीवंत मंचन किया। कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने भगवान के स्वरूपों की आरती उतारकर और माल्यार्पण कर की। मंच पर अयोध्या के राजा दशरथ के महल में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म का दृश्य दिखाया गया। इस दौरान पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। प्रभु के जन्म की खुशी में समिति और कलाकारों ने दर्शकों के बीच खिलौने, टॉफियां और मेवे वितरित किए। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र के अयोध्या आगमन, राम-लक्ष्मण को वन ले जाने और ताड़का वध के प्रसंग का मंचन हुआ। श्रीराम ने एक ही बाण से ताड़का का वध कर मुनियों और वनवासियों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई। इस दृश्य पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। लीला देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)