रामलीला शुरू, सीता हरण की लीला देख भावुक हुए लोग:सहारनपुर में जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल, एसपी सिटी ने किया उद्घाटन

Oct 15, 2026 - 23:18
0
रामलीला शुरू, सीता हरण की लीला देख भावुक हुए लोग:सहारनपुर में जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल, एसपी सिटी ने किया उद्घाटन
सहारनपुर के कपिल विहार में गुरुवार रात 9 बजे श्री रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मंच पूजन और भगवान गणेश की आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके बाद कलाकारों ने सीता हरण की लीला का भावपूर्ण मंचन किया। रावण और मामा मारीच के दमदार संवादों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि सीता हरण के दृश्य ने लोगों को भावुक कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा। श्री रामलीला कमेटी, कपिल विहार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसपी सिटी व्योम बिंदल ने फीता काटकर रामलीला का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने मंच पूजन में भी सहभागिता की। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और कलाकारों के अभिनय की सराहना की। सीता हरण की लीला में कलाकारों ने प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। जैसे ही रावण ने सीता का हरण किया, पंडाल में मौजूद दर्शक भावुक हो उठे। कलाकारों की प्रस्तुति और संवाद अदायगी को दर्शकों ने खूब सराहा। धार्मिक माहौल के बीच जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। मुख्य अतिथि एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह भाईचारे, सामाजिक एकता और संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कमेटी के प्रधान विनोद कुमार, डायरेक्टर सनी सैनी, अभिषेक शर्मा, अक्षय, अनमोल, रवि सैनी, सोनू, छोटू पंडित, विवेक, राहुल, विक्की धीमान, वासु धीमान, अंशुल, मोहित और जय मल्होत्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वार्ड नंबर 21 के पार्षद कपिल धीमान ने भी रामलीला आयोजन में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी रोहन सक्सेना और पंकज तलवार की विशेष भूमिका रही। अंत में कमेटी ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का आनंद लेने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User