डीएलएड प्रथम और तृतीय सेमेस्टर बैक पेपर का परिणाम घोषित:सितंबर में कराई गई थी परीक्षा, उत्तीर्ण हुए 39,724 अभ्यर्थी
परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) प्रयागराज ने डीएलएड प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की बैक पेपर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा सितंबर में कराई गई थी और उसके कुछ दिनों बाद ही कॉपियों का मूल्यांकन कराकर परिणाम जारी किया गया है। इस परीक्षा में अलग- अलग सत्रों के प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के कुल 39,724 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। सफल अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती में आवेदन कर सकेंगे। दरअसल बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक के 12405 पदों पर भर्ती का विज्ञापन सितंबर में जारी किया गया है। इस भर्ती के लिए डीएलएड अनिवार्य है। ऐसे जिन अभ्यर्थियों के डीएलएड में बैक थी, वह नहीं भर पाते। उन अभ्यर्थियों ने पीएनपी सचिव राजेंद्र प्रताप से मिलकर जल्द से जल्द बैक पेपर की परीक्षा कराने और परिणाम जारी करने की मांग की थी। उनकी मांग को देखते हुए पीएनपी ने डीएलएड प्रथम सेमेस्टर के बैक पेपर की परीक्षाएं 21 से 23 सितंबर तक और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 से 26 सितंबर तक कराई। परीक्षा के तुरंत बाद कॉपियों की जांच का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया गया और 13 अक्टूबर को परीक्षा नियामक प्राधिकारी समिति की बैठक के बाद परिणाम जारी कर दिया गया है। सेमेस्टरवार सफलता के आंकड़ों पर नजर डालें तो डीएलएड-2018 प्रथम सेमेस्टर में 2 और तृतीय सेमेस्टर में 10 अभ्यर्थी पास हुए हैं। इसी प्रकार, डीएलएड-2019 तृतीय सेमेस्टर में 23 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। डीएलएड-2021 के प्रथम सेमेस्टर में 74 और तृतीय सेमेस्टर में 857 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। इसके अलावा, डीएलएड-2022 के प्रथम सेमेस्टर में 348 और तृतीय सेमेस्टर में 3,183 अभ्यर्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। वहीं, सबसे बड़े सत्र यानी डीएलएड-2023 के प्रथम सेमेस्टर में 9,151 और तृतीय सेमेस्टर में सबसे अधिक 25,996 अभ्यर्थियों ने सफलता पाई है। इन वेबसाइटों पर देखें परिणाम
परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय के अनुसार डीएलएड बैच 2018, 2021 और 2023 के परीक्षार्थी अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट http://btcexam.in पर देख सकते हैं। इसके अलावा, डीएलएड प्रशिक्षण-2019 एवं 2022 के परीक्षार्थी अपना परीक्षाफल वेबसाइट https://updeledinfo.in के माध्यम से चेक कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)