रामलीला स्थलों की सुरक्षा आज से पुलिस के हवाले:बम निरोधक दस्ता करेगा जांच, भैंसाली, जीमखाना, सूरजकुंड समेत प्रमुख स्थलों की सुरक्षा चाक चोबंद

Oct 19, 2026 - 08:42
0
रामलीला स्थलों की सुरक्षा आज से पुलिस के हवाले:बम निरोधक दस्ता करेगा जांच, भैंसाली, जीमखाना, सूरजकुंड समेत प्रमुख स्थलों की सुरक्षा चाक चोबंद
शहर में रामलीला के मंचन और इसे देखने उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए आज से सभी प्रमुख रामलीला स्थलों की सुरक्षा पुलिस के हवाले रहेगी। मंचन शुरू होने से पहले बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड सभी स्थलों का सघन निरीक्षण करेंगे। जांच पूरी होने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के बाद ही रामलीला का मंचन शुरू होगा। मेरठ में भैंसाली मैदान, जीमखाना मैदान, जेलचुंगी और सूरजकुंड समेत प्रमुख स्थानों पर अगले दो दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि रामलीला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है। प्रमुख रामलीला स्थलों पर किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की जांच का उद्देश्य मंचन शुरू होने से पहले स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जांच के दौरान परिसर के प्रमुख हिस्सों और दर्शकों की आवाजाही वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के लिए रहेगी पुलिस भैंसाली मैदान और जीमखाना मैदान सहित प्रमुख रामलीला स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण भीड़ प्रबंधन पुलिस के लिए अहम रहेगा। दर्शकों की आवाजाही, प्रवेश और निकास के रास्तों तथा आसपास की व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी। जेलचुंगी और सूरजकुंड क्षेत्र में भी रामलीला देखने आने वाले लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा जांच के बाद ही शुरू होगा मंचन पुलिस की प्राथमिकता रामलीला स्थलों पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने की है। इसके लिए मंचन से पहले सुरक्षा जांच की जाएगी। भीड़ बढ़ने के दौरान पुलिसकर्मी सक्रिय रहेंगे, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। आज आयोजकों के साथ प्लान करेंगे साझा रामलीला स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की तरफ से जो प्लान तैयार किया गया है, वह पहले ही आयोजकों के साथ साझा किया जा चुका है। इसके बावजूद आज क्षेत्राधिकारी पुलिस, थानेदार आयोजकों के साथ फाइनल प्लान साझा करेंगे ताकि रावण दहन के वक्त अव्यवस्था ना फैले। सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था चौकस एसपी सिटी ने बताया कि रामलीला के प्रमुख आयोजनों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जाएगी। इसको लेकर ड्यूटी लगा दी गई हैं। पुलिस की मौजूदगी के बीच आयोजनों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इन दस बिंदुओं को सुरक्षा व्यवस्था में जगह - रामलीला शुरू होने से पहले बम निरोधक दस्ता मैदान, मंच, दर्शक दीर्घा, प्रवेश द्वार और आसपास के स्थानों की जांच करेगा। - संदिग्ध वस्तुओं और संभावित विस्फोटक की तलाश के लिए प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड भी तलाशी लेगा। - मैदान के भीतर, प्रवेश-निकास द्वारों, पार्किंग और आसपास के प्रमुख रास्तों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। - भीड़ की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और किसी भी अव्यवस्था पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे - जेबकतरो, छेड़छाड़, चोरी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस तैनात रहेगी। - भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए अलग-अलग रास्ते, बैरिकेडिंग और निकासी मार्गों को व्यवस्थित रहेगी। - दमकल वाहन, अग्निशमन उपकरण और आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की तैयारी, खासकर रावण दहन के दौरान। - अधिक भीड़ होने पर अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और जरूरत के मुताबिक प्रवेश नियंत्रित करना। - महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी। - मैदान के आसपास ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी, जरूरत के मुताबिक रूट डायवर्जन और वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User