रामपुर के स्कूल में 'वंदे मातरम्' का गान:अतिथियों ने युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
रामपुर के सिविल लाइन्स स्थित श्री हरि सरस्वती विद्या मंदिर में राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्या भारती के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं, आचार्यों और प्रबुद्धजनों ने एक स्वर में सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' का गान किया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. मुनीश चंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को इस गीत के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत स्वाधीनता संग्राम में क्रांतिकारियों का सबसे बड़ा प्रेरणास्रोत था और आज के युवाओं को इसके मूल भाव को अपने आचरण में उतारना चाहिए। मुख्य अतिथि देवेन्द्र सैनी ने शिशु मंदिरों को भारतीय संस्कृति व संस्कारों का अहम केंद्र बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगन्नाथ चावला ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विवेक अग्रवाल व संजीव यादव उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश कुमार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)