रामपुर में भगवान पार्श्वनाथ की रथ यात्रा निकली:जैन समाज उमड़ा, जयकारों से गूंजे बाजार; उत्सव पैलेस में हुआ सामूहिक पूजन
रामपुर में रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से भगवान पार्श्वनाथ की रथ यात्रा निकाली गई। इसमें जैन समाज के महिला, पुरुष और बच्चों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। यात्रा में कई राज्यों से आए नामचीन बैंड शामिल हुए, जो अलग-अलग वाहनों पर बैंड की धुन बजाते हुए चल रहे थे। रथ यात्रा मंदिर से निकलकर उत्सव पैलेस पहुंची। महिलाओं ने बताया कि वे इस पर्व का पूरे साल इंतजार करती हैं। पर्व आते ही समाज के लोगों में काफी उत्साह रहता है। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से इसी उत्साह के साथ यह पर्व मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ के जयकारे लगाए।
उन्होंने कहा कि नई युवा पीढ़ी भी धर्म में विश्वास रखकर आगे बढ़ रही है। पिछले एक महीने से यहां कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें हर उम्र के युवक-युवतियां उत्साह से हिस्सा ले रहे हैं। रथ यात्रा को देखने के लिए शहर की सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में लोग खड़े रहे। जैन समाज के लोगों ने कहा कि इस पर्व को हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे से भी जोड़कर देखा जाता है। विभिन्न जाति और वर्ग के लोग न केवल जैन समाज के कार्यक्रमों को देखने आते हैं, बल्कि कई लोग इनमें शामिल भी होते हैं। इससे समाज के लोगों को खुशी मिलती है।
रथ यात्रा कोतवाली, नसरुल्ला खां बाजार, सराफा बाजार, मिस्टन गंज और सराय गेट होते हुए उत्सव पैलेस पहुंची। पूरे रास्ते श्रद्धालु भगवान पार्श्वनाथ के जयकारे लगाते रहे। करीब 3 बजे उत्सव पैलेस में सामूहिक संगीतमय पूजन हुआ। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर सुख-शांति की कामना की। पूजन के बाद श्रद्धालु वापस श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे।
आयोजकों के अनुसार, रथ यात्रा के माध्यम से समाज में धार्मिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में दिनेश जैन खंडेलवाल, प्रमोद कुमार जैन, प्रदीप कुमार जैन, वर्षा जैन सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)