रामपुर में वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत:मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर हादसा, दो महीने बाद होनी थी शादी
रामपुर के टांडा में रविवार तड़के करीब 4:30 बजे मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। जानिए पूरा मामला…
मोहनपुरा रफातपुर निवासी अर्जुन (21) पिता करतार सिंह रविवार सुबह बाइक से अपने छोटे भाई मोंटी (18) को काशीपुर से लेने जा रहा था। मोंटी काशीपुर में मजदूरी करता है। घर से करीब 6 किलोमीटर दूर मुरादाबाद-बाजपुर मार्ग पर पहुंचने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने अर्जुन की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गया। वाहन उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। तीन माह पहले रिश्ता तय हुआ था परिजनों के मुताबिक अर्जुन दो भाइयों में बड़ा था और परिवार का कमाऊ सदस्य होने के साथ माता-पिता का सहारा था। करीब तीन महीने पहले उसका रिश्ता हुआ था। उसकी शादी 25 फरवरी 2027 को मुरादाबाद में होनी तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)