राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 फाइट अगेंस्ट ड्रग्स:मोटरसाइकिल रैली लखनऊ से रवाना, डीजीपी राजीव कृष्ण ने दिखाई हरी झंडी
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 मनाया जा रहा है। इसी को लेकर पुलिस मुख्यालय से फाइट अगेंस्ट ड्रग्स मोटरसाइकिल रैली को पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने फ्लैग ऑफ कर रवाना किया। यह रैली समाज में नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को सशक्त करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। पुलिस महानिदेशक ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के सशक्त एवं अखंड भारत के सपने को साकार करने के लिए युवा पीढ़ी का नशामुक्त होना आवश्यक है। केंद्र सरकार द्वारा संचालित यह अभियान देश की सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है और यह उत्तर प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। गुजरात तक जाएगी रैली लखनऊ से शुरू होकर यह रैली इटावा होते हुए आगरा पहुँचेगी। इसके बाद मथुरा एवं गौतमबुद्धनगर होते हुए दिल्ली में प्रवेश करेगी। दिल्ली में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर कार्यक्रमों के उपरांत 21 अक्टूबर को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के साथ रैली आगे बढ़ेगी और जयपुर, अजमेर, उदयपुर तथा गांधीनगर होते हुए 26 अक्टूबर को एकता नगर (केवड़िया), गुजरात पहुँचेगी। 31 अक्टूबर को 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह एवं परेड में प्रतिभागी ‘राइड पास्ट’ में हिस्सा लेंगे। जागरूकता और 'MANAS' हेल्पलाइन रैली का प्रमुख उद्देश्य युवाओं तक संदेश पहुँचाना है। यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मार्ग में पड़ने वाले विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी। साथ ही, नशामुक्ति सहायता के लिए भारत सरकार की राष्ट्रीय हेल्पलाइन ‘MANAS’ (14446) का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यूपी पुलिस का एक्शन और रिकॉर्ड नशे के विरुद्ध जागरूकता के साथ-साथ पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी पर कठोर कार्रवाई कर रही है। वर्ष 2026 में अब तक 4,197 अभियोग पंजीकृत कर 36,088 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं और 6,076 तस्कर गिरफ्तार हुए हैं। 'ऑपरेशन दहन' के अंतर्गत 1,72,246 किलोग्राम मादक पदार्थों (अनुमानित मूल्य ₹418 करोड़) का निस्तारण किया गया है, जिसके साथ उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। अवैध संपत्तियों पर जब्ती एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68(E) एवं 68(F) के तहत 96 प्रकरणों में लगभग ₹80.33 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है, जिससे उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में अब तक 26 कार्टेल ध्वस्त किए जा चुके हैं तथा 5 गुप्त प्रयोगशालाएं नष्ट की गई हैं। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने भी अब तक 45,292 किलोग्राम ड्रग्स बरामद कर 1,364 तस्करों को गिरफ्तार किया है। रैली में उत्तर प्रदेश पुलिस के 05 जांबाज राइडर्स रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों पर सवार होकर विशेष राइडिंग किट के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। इनके साथ मोबाइल कमांड कंट्रोल रूम (MCCR) युक्त स्टाफ मिनी बस, लॉजिस्टिक्स ट्रक और एम्बुलेंस भी चल रही है। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय के समस्त वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)