रायबरेली में फंदे पर लटका मिला किशोरी का शव:पुलिस ने शव पोस्टमार्ट के लिए भेजा, परिजनो में शोक का माहौल
रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे राई गांव में शुक्रवार रात हड़कंप मच गया। यहां 16 साल की एक किशोरी का शव संदिग्ध हालत में घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरे राई गांव के राम कमल की बेटी खुशबू (16) शुक्रवार रात परिवार के साथ घर में थी। परिजनों के मुताबिक, शाम को खाना खाने के बाद सभी सदस्य सोने चले गए। रात करीब 11 बजे खुशबू अपनी चारपाई पर नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। घर के दूसरे कमरों में खोजने के बाद जब एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर देखा तो खुशबू छत में लगे पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटकी हुई थी। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। नसीराबाद थाना अध्यक्ष पवन कुमार सोनकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लिया। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रायबरेली भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। खुशबू के दो बड़े भाई हैं। उसके पिता राम कमल रोजगार के सिलसिले में लुधियाना गए हुए हैं। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।फिलहाल किशोरी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ ही मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)