रायबरेली में पुलिस भर्ती में तेज धूप में दौड़:15 अभ्यर्थी बेहोश होकर गिरे; सुबह 5 की जगह 8:30 बजे शुरू हुई, 14 को इलाज के बाद छुट्टी
रायबरेली शहर के पीएसी ग्राउंड में चल रही पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान रविवार को अव्यवस्था का मामला सामने आया। शारीरिक परीक्षा के तहत कराई गई दौड़ में तेज धूप और गर्मी के चलते 15 अभ्यर्थी बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े। अचानक कई अभ्यर्थियों के गिरने से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां 14 अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद करीब एक घंटे में छुट्टी दे दी गई। एक अभ्यर्थी अभी अस्पताल में भर्ती है। सुबह 5 बजे की जगह 8:30 बजे शुरू हुई दौड़ जिला अस्पताल में इलाज करा रहे अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया के इंतजामों पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शारीरिक परीक्षा में दौड़ सुबह 5 बजे निर्धारित थी, लेकिन प्रशासनिक देरी के कारण इसे सुबह करीब 8:30 बजे शुरू कराया गया। तब तक तेज धूप निकल चुकी थी और तापमान बढ़ गया था। अभ्यर्थियों का कहना है कि भूखे-प्यासे तेज धूप में दौड़ने के कारण कई परीक्षार्थी ट्रैक पर ही बेहोश होकर गिरने लगे। उनका आरोप है कि समय पर दौड़ शुरू होती तो स्थिति ऐसी नहीं बनती। 4.8 किमी दौड़ 25 मिनट में पूरी करनी होती है पुलिस भर्ती के मानक के अनुसार अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में पूरी करनी होती है। पीएसी मैदान के करीब आठ चक्कर लगाने पड़ते हैं। सूत्रों के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती अभ्यर्थी भीषण गर्मी के बीच तीसरे राउंड में ही गिरकर बेहोश हो गया था। पेयजल और छाया के इंतजाम पर भी सवाल घटना के बाद जिला अस्पताल में भर्ती सभी अभ्यर्थियों की हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। भर्ती प्रक्रिया के दौरान पेयजल और छाया के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में पहुंचे 15 अभ्यर्थी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों में सत्यम (22), सौरभ चौधरी (22), रितेश गुप्ता (27), गौरव यादव (23), अभिषेक (24), अंकित पटेल (26), विशाल (22), कुलदीप कुमार (29), अश्वनी पांडे (26), प्रतीक सिंह (23), अटल तिवारी (22), अर्पण मिश्रा (23), अमरेश कुमार (24), राजवीर (23) और शैलेंद्र कुमार (25) शामिल हैं। ये अभ्यर्थी फतेहपुर, अयोध्या, रायबरेली, लखनऊ, बाराबंकी और सुल्तानपुर समेत अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)