'रेखा आर्या को गोली मार, हमेशा मंत्री थोड़ी रहेंगी':वायरल ऑडियो में गिरधारी कथित गर्लफ्रेंड से बोले- जितने पैसे लगेंगे, लगाऊंगा
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के विवाद में अब दो कथित ऑडियो सामने आए हैं। इन्हें खुद रेखा आर्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है। इन ऑडियो क्लिप्स में गिरधारी लाल साहू और कल्पना मिश्रा उर्फ कल्पना चतुर्वेदी नाम की महिला के बीच कथित बातचीत हो रही है। ऑडियो में महिला (कल्पना) अपने माता-पिता की खराब हालत का हवाला देते हुए कहती सुनाई दे रही है कि "मेरे मां-बाप थक-हार चुके हैं, वो मर जाएंगे।" इसके बाद वह कथित तौर पर मंत्री रेखा आर्य को गोली मारने की बात कह रही है। इस पर गिरधारी लाल साहू कहता है कि "जितने पैसे लगेंगे, मैं लगाऊंगा" और रेखा आर्य को जिंदा खत्म करने व गोली मारने की बात करते हुए उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां करता है।इसके अलावा, ऑडियो में गिरधारी लाल साहू महिला को कानूनी मामलों में मदद देने, आगरा में फ्लैट खरीदने के लिए 25 लाख रुपए भेजने और रेखा आर्य के मंत्री पद पर तंज कसते हुए यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि "वह हमेशा मंत्री नहीं रहेंगी, 3-4 महीने की बात है..."। 4 पॉइंट में पूरा मामला… 1. सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो- उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े दो कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। इनमें गिरधारी और कल्पना मिश्रा उर्फ कल्पना चतुर्वेदी के बीच बातचीत है। ऑडियो में कल्पना रेखा आर्य को गोली मारने की बात कहती सुनाई देती हैं, जबकि गिरधारी कहते हैं, “जितने पैसे लगेंगे, मैं लगाऊंगा।” बातचीत में 25 लाख रुपए भेजने, कानूनी मदद और मंत्री पद को लेकर भी चर्चा है। गिरधारी कहते सुनाई देते हैं, “वह हमेशा मंत्री नहीं रहेंगी, 3-4 महीने की बात है।” 2. देहरादून के कैंट थाने में पति के खिलाफ FIR और 6 गंभीर आरोप- इन ऑडियो के सामने आने के बाद रेखा आर्य ने अपने पति के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में FIR दर्ज कराई है। उन्होंने पति पर मारपीट, प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में ऑडियो के आधार पर हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है। पहले ऑडियो में महिला अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों और जेल जाने की आशंका को लेकर चिंता जताती सुनाई देती है। वह कहती है कि उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और उसे जमानत मिलने की चिंता है। इस पर गिरधारी लाल साहू उसे भरोसा देते सुनाई देते हैं कि वह उसकी मदद कर रहे हैं। बातचीत में वह कहते हैं कि उन्हें कहीं से 25 लाख रुपए मिले थे, जिन्हें उन्होंने तुरंत महिला के पास भिजवा दिया। महिला जवाब देती है कि उसे पैसे मिल गए हैं। 3. बरेली में नहीं, आगरा में फ्लैट चाहिए- ऑडियो में महिला बरेली में नहीं रहने और आगरा में फ्लैट खरीदने की इच्छा जताती सुनाई देती है। वह गिरधारी लाल साहू से कहती है कि उसे इस परेशानी से निकालें और पैसे दें, ताकि वह आगरा में फ्लैट ले सके। इस पर गिरधारी लाल साहू उसे कुछ समय इंतजार करने और मामले को संभालने का भरोसा देते सुनाई देते हैं। ऑडियो में गिरधारी लाल साहू रेखा आर्य के मंत्री पद का जिक्र करते हुए पूछते सुनाई देते हैं कि क्या वह पूरी जिंदगी मंत्री रहेंगी। इसके जवाब में महिला तीन-चार महीने और मंत्री रहने की बात कहती है। बातचीत में गिरधारी लाल साहू यह भी कहते सुनाई देते हैं कि रेखा आर्य के साथ उनका हिसाब-किताब होना है और इसके बाद वह अपनी भूमिका तय करेंगे। 4. सितंबर 2024 की FIR और कल्पना मिश्रा की गिरफ्तारी- सितंबर 2024 में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बरेली पुलिस को शिकायत देते हुए आरोप लगाया था कि कल्पना मिश्रा ने अपने आधार कार्ड और पासपोर्ट समेत कई दस्तावेजों में उनके पति को अपना पति बताते हुए गिरधारी लाल साहू का नाम इस्तेमाल किया है और इन दस्तावेजों में बरेली स्थित उनके आवास का पता भी इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने यह भी आरोप लगाया था कि कल्पना मिश्रा जिस गाड़ी में चलती है, उस पर उत्तराखंड सरकार का बोर्ड और लाल बत्ती भी लगी है, जिसमें कल्पना मिश्रा और उसके मौसा डॉक्टर आर. सी. पांडे दोनों मिलकर लोगों से उगाही भी करते थे। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने कल्पना मिश्रा और उसके मौसा पर अपने बरेली वाले घर से ₹7 लाख रुपए और एक सोने की रुद्राक्ष की माला चोरी करने का भी आरोप लगाया था। कैबिनेट मंत्री की इस शिकायत पर 9 सितंबर 2024 को बरेली के बारादरी थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। जिस पर पहले एफआर लग गई थी, लेकिन इसके बाद इस मामले में दोबारा जांच कराई गई थी और कल्पना मिश्रा को 14 जुलाई को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, जहां से पिछले महीने सितंबर में कल्पना को जमानत भी दी गई थी। हालांकि यह मामला अभी कोर्ट में चल रहा है, जिसमें कल्पना मिश्रा को दोबारा जेल जाने का डर सता रहा है। 5. मंत्री रेखा आर्य ने जारी किया वीडियो- ऑडियो सार्वजनिक करने के बाद रेखा आर्य ने सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो जारी की। उन्होंने कहा "इस ऑडियो ने मुझे झकझोर दिया है। मेरे रिश्ते पर प्रश्न लगा दिया है। मेरे वैवाहिक जीवन के समर्पण पर प्रश्न लगा दिया है। क्या सच्चाई और ईमानदारी के साथ रहने के बदले ऐसा परिणाम मिलता है?" उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बच्चों की रक्षा और सुरक्षा के लिए पुलिस में शिकायत देनी पड़ी। महिलाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा "महिला आम हो, महिला खास हो… घरेलू अत्याचार न सहना है, न सहना है, बल्कि उसे कहना है।" वीडियो जारी करने के बाद रेखा आर्य की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई गई है। देहरादून के थाना कैंट में मुकदमे और उससे संबंधित दो ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से अस्पताल में मुलाकात करने पहुंचे एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने मामले में कहा कि इस घटना के सामने आने के बाद मंत्री की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जो ऑडियो क्लिप सामने आई है, उसे भी जांच के लिए लैब भेजा गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और उसी के अनुसार कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में कैबिनेट मंत्री से भी पुलिस बात करेगी, लेकिन फिलहाल उनकी तबीयत ठीक नहीं है और उन्हें आराम की जरूरत है। ------------------------------------ ये खबर भी पढ़ें… मंत्री आर्य की तबीयत बिगड़ी, बोलीं-पति के महिलाओं से संबंध:जारी ऑडियो में गोली मरवाने की बात; रोते हुए VIDEO पोस्ट किया उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में FIR दर्ज कराई है। मंत्री ने पति पर मारपीट, प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)