रेलवे स्टेशन के खुले गड्ढे में मिला युवक का शव:शाहजहांपुर में 12 फीट गहरे गड्ढे में मिला, 3 दिन पुराना बताया जा रहा
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास स्वचालित सीढ़ियों के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में युवक का शव उतराता मिला। बारिश के कारण करीब 12 फीट गहरे गड्ढे में पानी भर गया था। शव मिलने की सूचना इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की उम्र करीब 35 साल बताई जा रही है और शव करीब तीन दिन पुराना होने की आशंका है। देर रात 11 बजे तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। प्लेटफॉर्म के पास गड्ढे में उतराता मिला शव मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे लोगों की नजर प्लेटफॉर्म नंबर एक के पास स्वचालित सीढ़ियों के लिए खोदे गए गड्ढे पर पड़ी। बारिश के कारण गड्ढा पानी से भर गया था और उसमें युवक का शव उतराता दिखाई दिया। लोगों ने इसकी सूचना पावर केबिन को दी। इसके बाद रेलवे अधिकारियों और जीआरपी को जानकारी दी गई। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया। युवक की उम्र करीब 35 साल है। प्रारंभिक तौर पर शव तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। न मोबाइल मिला, न बैग, पहचान का कोई दस्तावेज पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के लिए उसके पास मौजूद सामान की जांच की, लेकिन कोई मोबाइल, बैग या पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। इसके चलते उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। जीआरपी ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पुलिस को आशंका है कि युवक रात के समय पानी भरे गड्ढे में गिर गया होगा। हालांकि वह गड्ढे तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
निर्माण बंद था, फिर भी गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग नहीं घटना के बाद स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला भी सामने आया। स्वचालित सीढ़ियों के लिए खोदा गया गड्ढा करीब 12 फीट गहरा था। निर्माण कार्य रुका होने के बावजूद गड्ढे के चारों तरफ सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग नहीं कराई गई थी। बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भर गया। शव मिलने के बाद ठेकेदारों ने आनन-फानन में गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराई। इससे निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। जीआरपी-आरपीएफ जांच में जुटी सीनियर डीसीएम मुरादाबाद मंडल महेश यादव ने बताया कि घटना की जीआरपी और आरपीएफ जांच कर रही है। युवक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जीआरपी थाना प्रभारी करमाकर यादव ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)