रिटायर्ड PPS महेंद्र कुमार पत्नी संग समाजवादी पार्टी में शामिल:अखिलेश बोले सपा को गोंडा में मिलेगी मजबूती, भाजपा नेता भवानी भीख शुक्ला भी सपा में आए

Oct 15, 2026 - 19:43
0
रिटायर्ड PPS महेंद्र कुमार पत्नी संग समाजवादी पार्टी में शामिल:अखिलेश बोले सपा को गोंडा में मिलेगी मजबूती, भाजपा नेता भवानी भीख शुक्ला भी सपा में आए
गोंडा के पूर्व अपर पुलिस अधीक्षक (रिटायर्ड PPS) महेंद्र कुमार गुरुवार को अपनी पत्नी कमलेश निरंजन के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। दोपहर 2 बजे लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में दोनों ने पार्टी की सदस्यता ली। महेंद्र कुमार मेहनौन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की दावेदारी कर रहे हैं। वहीं, कटरा बाजार के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और भाजपा नेता भवानी भीख शुक्ला ने भी अपने पांच बेटों और 2 हजार से ज्यादा समर्थकों के साथ सपा का दामन थाम लिया। अखिलेश यादव ने उनके बेटों का जिक्र करते हुए कहा कि इससे कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी। कटरा बाजार सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी भवानी भीख शुक्ला कटरा बाजार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्हें पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का करीबी माना जाता है। उन्होंने भाजपा छोड़ने की वजह बताते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक के बेटे और उनके समर्थकों पर मारपीट के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। अखिलेश बोले- दुखी और अपमानित लोग सपा में आ रहे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि इन नेताओं के पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाजवादी पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि दुखी और अपमानित लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं और सभी समाजों के लोग सपा में आ रहे हैं। अखिलेश ने गोंडा के स्थानीय नेताओं के योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिले के नेताओं के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी और मजबूत हो रही है। सपा जिलाध्यक्ष बोले- संगठन को मिलेगी मजबूती गोंडा के सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने कहा कि भाजपा से परेशान होकर लगातार लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा के कई और नेता व कार्यकर्ता सपा से जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के आने से गोंडा में संगठन मजबूत होगा। अलग-अलग क्षेत्रों में काम करके ये नेता पार्टी को मजबूती देने का काम करेंगे। कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद सदस्यता कार्यक्रम के दौरान पूर्व सपा मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व सपा प्रत्याशी सूरज सिंह, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री संजय विद्यार्थी, सपा नेता मतीन सिद्दीकी, गोंडा सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन और कटरा बाजार के पूर्व सपा विधायक बैजनाथ दुबे समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User